राजनैतिक दलों के प्रतिनिधियों को दी आदर्श आचार संहिता की पालना की जानकारी
बूंदी, 25 अक्टूबर। आगामी विधानसभा चुनाव 2023 की तैयारी को लेकर बुधवार को अतिरिक्त जिला कलेक्टर हेमराज परिडवाल की अध्यक्षता में राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों की बैठक आयोजित हुई।
बैठक में अतिरिक्त जिला कलक्टर ने राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों को प्रचार प्रसार के लिए लगाए जाने वाले होर्डिंग्स की स्वीकृत दरों के बारे में जानकारी दी। उन्होंने आदर्श आचार संहिता के बारे में विस्तृत जानकारी देकर सभी राजनीतिक दलों को पालन करने के निर्देश दिए। साथ ही आचार संहिता से संबंधित बुकलेट भी प्रतिनिधियों को उपलब्ध कराई गई।
बैठक में अतिरिक्त जिला कलक्टर ने एफएलसी, मतदाता सूची, दिव्यांग जनों व 80 प्लस वाले मतदाताओं के लिए शुरू की गई होम वोटिंग की सुविधा के बारे में जानकारी दी। उन्होंने सभी प्रतिनिधियों को रिजर्व ईवीएम की संख्या के बारे में अवगत कराया। इस दौरान उन्होंने खाद्य सामग्री, परिवहन के लिए उपयोग में लिए जाने वाले वाहनों सहित प्रचार प्रसार में उपयोग होने वाली अन्य वस्तुओं की स्वीकृत दरों के बारे में विस्तार से बताया।
बैठक में अतिरिक्त जिला कलेक्टर सीलिंग नवरत्न कोली, मुख्य कार्यकारी अधिकारी राजपाल सिंह, कोषाधिकारी अंजनी कुमार शर्मा सहित राजनैतिक दलों के प्रतिनिधि मौजूद रहे।