जयपुर। पिछले साल मई 2020 में बीकानेर के रहने वाले राजगढ़ थाने के सर्कल इंस्पेक्टर विष्णु दत्त बिश्नोई ने आत्महत्या कर ली थी। आज उनके परिवार पर फिर से दुखों का पहाड़ टूट पड़ा जब उनके इकलौते बेटे लक्ष्य दत्त ने आत्महत्या कर ली। लक्ष्य की उम्र मात्र 15 वर्ष थी। लक्ष्य ने छत से लटककर अपनी जीवन लीला समाप्त कर ली। स्वर्गीय इंस्पेक्टर का परिवार बीकानेर में जय नारायण व्यास कॉलोनी रह रहा था। पुलिस अभी तक आत्महत्या के कारणों का पता नहीं लगा पाई है क्योंकि मृतक की मां और बहन सहित परिवार सदमे में है। पुलिस के मुताबिक घटना मंगलवार की रात आठ बजे की है जब पुलिस कंट्रोल रूम को सरकारी अस्पताल से इसकी सूचना मिली तो पुलिस ने मौके का दौरा किया लेकिन अभी तक कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है।
पुलिस ने बताया कि उन्हें मौके से कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है। और अभी उनके परिवार वाले से भी बात नहीं कर पाये हैं। क्योंकि, उनकी छोटी बहन और मां सदमे में हैं। बीकानेर पुलिस अधीक्षक प्रीति चंद्रा ने कहा है कि हमने उनके रिश्तेदारों को सूचना दे दी है। श्रीगंगानगर, बीकानेर और चुरू में रहने वाले उनके रिश्तेदार बीकानेर के लिए रवाना हो गए हैं ।
शाम 7 बजे, बच्चे की मां ने मृतक के एक दोस्त को फोन किया और लक्ष्य के परेशान होने पर उसे जल्द आने के लिए कहा। “जब तक पुलिस पहुंची तब तक महिला उसे फांसी के फंदे से नीचे उतार चुकी थी। जय नारायण व्यास पुलिस थाने के एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने कहा कि प्रथम दृष्टया यह आत्महत्या प्रतीत होती है, हालांकि, मौत का सही कारण पोस्टमार्टम के बाद ही पता चलेगा।