Jodhpur : 70 साल के पति ने पत्नी की हत्या के बाद की खुदकुशी, कोयले से दीवार पर लिख गया खतरनाक बात

Jodhpur: हैरान करने वाली खबर राजस्थान के जोधपुर जिले से है। यह मामला ग्रामीण जोधपुर के डांगियावास थाना क्षेत्र के बावरला गांव के रहने वाले दीपाराम और उसकी पत्नी सुगना देवी का है. 70 वर्षीय दीपाराम ने अपनी पत्नी की बेरहमी से हत्या कर खुदकुशी कर ली। जिस घर में वे दोनों रहते हैं, उसकी दीवार पर लिखा है कि इस घर को गौशाला के लिए दान दे देना, अगर किसी ने बेचने की कोशिश की तो उसका सत्यानाश हो जाएगा।

इस पूरे मामले को लेकर डांगियावास पुलिस ने बताया कि डाक सेवा से सेवानिवृत्त हुए दीपाराम की उम्र करीब 70 वर्ष थी. वह पिछले कुछ समय से शरीर के कुछ हिस्सों में पैरालिसिस से पीड़ित थे। उनकी पत्नी सुगना देवी, जिनकी उम्र लगभग 68 वर्ष है, वह दोनों कान से कम सुनती थी। कुछ दिनों पहले उनका एक पैर टूट गया था, इसलिए उन्होंने बिस्तर से उठना बंद कर दिया था। पड़ोसियों ने पुलिस को बताया कि सुगना देवी अक्सर चिल्लाती रहती थी, क्योंकि वह सुन नहीं पाती थी, इसलिए उसने सोचा कि चिल्लाने से और लोग सुन लेंगे. इसी कारण आए दिन पति और पत्नी में जोर-जोर से झगड़ा भी होता था।

पड़ोसियों ने पुलिस को बताया कि मौत से कुछ देर पहले दीपाराम ने पड़ोसियों से कुछ देर बाद पुलिस बुलाने को कहा। पड़ोसियों ने उसे गंभीरता से नहीं लिया। लेकिन जब एक पड़ोसी दीपाराम और सुगना देवी की देखभाल के लिए उनके घर गया तो शवों को देखकर सन्न रह गया। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस ने कहा कि परिवार के कोई रिश्तेदार नहीं थे, दंपति के कोई बेटे या बेटियां नहीं थीं, फिलहाल लाशों को मुर्दाघर में रखा गया था और घर को लॉक कर दिया गया है।