जेपी नड्डा जून 2024 तक बने रहेंगे बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष, अमित शाह ने की घोषणा
जयपुर। पार्टी के वरिष्ठ रणनीतिकार अमित शाह ने अपनी राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक के दूसरे दिन घोषणा में बताया कि भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा अगले साल जून तक पार्टी का नेतृत्व करते रहेंगे। बता दें कि नड्डा जिन्होंने 2020 में अमित शाह से पार्टी का शीर्ष पद संभाला था का कार्यभार इस साल जनवरी में समाप्त होने वाला था। लेकिन उम्मीद की जा रही थी कि उनका कार्यकाल बढ़ाया जाएगा, इस साल नौ राज्यों में चुनाव होने हैं और 2024 में आम चुनाव होंगे।
अमित शाह ने एक संवाददाता सम्मेलन में घोषणा की, "भाजपा की राष्ट्रीय कार्यकारिणी ने सर्वसम्मति से पार्टी अध्यक्ष जेपी नड्डा के कार्यकाल को जून 2024 तक बढ़ाने का फैसला किया।" शाह ने कहा, "हमें विश्वास है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और भाजपा अध्यक्ष नड्डा के नेतृत्व में पार्टी 2024 के लोकसभा चुनाव 2019 से बड़े जनादेश के साथ जीतेगी।"
भाजपा नेता इस बात से सहमत हैं कि नड्डा को पीएम मोदी का विश्वास प्राप्त है और उनके अच्छे प्रदर्शन ने पार्टी को विस्तार पर निर्णय लेने में सक्षम बनाया है। शाह ने आज रेखांकित किया कि भाजपा ने नड्डा के नेतृत्व में कई राज्यों के चुनाव जीते और विश्वास व्यक्त किया कि वह 2024 में 2019 से बड़ा जनादेश हासिल करेगी।
सूत्रों का कहना है कि बीजेपी संविधान के तहत एक पार्टी अध्यक्ष को तीन-तीन साल के लगातार दो कार्यकाल मिल सकते हैं. इसमें यह भी प्रावधान है कि कम से कम 50 फीसदी राज्य इकाइयों में संगठनात्मक चुनाव होने के बाद राष्ट्रीय अध्यक्ष के चुनाव की प्रक्रिया शुरू हो सकती है.