Bundi : सैन्य सम्मान के साथ कालूलाल नागर की पार्थिव देह पंचतत्व में विलीन

बूंदी, 25 जुलाई। भारतीय सेना में तैनात सैनिक कालू लाल नागर की पार्थिव देह मंगलवार सुबह सैन्य  सम्मान के साथ पंचतत्व में विलीन हुई। सैनिक कालू लाल नागर के पार्थिव देह पैतृक ग्राम हनुमानपुरा पहुंची तो हर आंख नम हो गई। हिंडोली से कुम्हरला बालाजी तक निकाली गई अंतिम यात्रा में पूरे समय ‘जब तक सूरज चांद रहेगा, कालू लाल तेरा नाम रहेगा’ के नारे गूंज रहे थे। अंतिम यात्रा के बाद सेना के जवानों ने सलामी दी और इसके बाद सैन्य सम्मान  से अंत्येष्टि हुई। इस दौरान युवा मामले, खेल तथा सूचना एवं जनसंपर्क राज्यमंत्री अशोक चांदना, जिला कलक्टर डॉ. रविंद्र गोस्वामी  ने पार्थिव देह पर पुष्पचक्र अर्पित कर नमन किया। उन्होंने शोक संतप्त परिजनों के प्रति संवेदना जताते हुए कहा कि शोक की इस घड़ी में प्रदेश सरकार उनके साथ है। इस दौरान हिण्डोली एसडीएम राहुल मल्होत्रा, पुलिस उपाधीक्षक सज्जन सिंह सहित भारतीय सेना के अधिकारी, जनप्रतिनिधि, बडी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।