कोटा मंडल में स्तन कैंसर एवं हृदय स्वास्थ्य जागरूकता संगोष्ठी आयोजित



विशेषज्ञ चिकित्सकों ने महिलाओं को स्वास्थ्य संबंधी महत्वपूर्ण जानकारियों से किया जागरूक

कोटा। महिला कल्याण संगठन, पश्चिम मध्य रेलवे की अध्यक्ष श्रीमती ऋचा सिंह एवं महिला कल्याण संगठन, कोटा मंडल की अध्यक्ष श्रीमती अंशु कालरा के संयुक्त मार्गदर्शन में रामदुलारी जिंदल मेमोरियल एंड हेल्थकेयर सोसाइटी, कोटा के सहयोग से मेनाल ऑफिसर्स क्लब, कोटा में स्तन कैंसर एवं हृदय स्वास्थ्य जागरूकता विषय पर संगोष्ठी का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य वक्ता के रूप में श्रीमती ऋचा सिंह ने महिलाओं को संबोधित किया।

वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक एवं जनसम्पर्क अधिकारी श्री सौरभ जैन ने बताया कि संगोष्ठी में विकिरण कैंसर स्पेशियलिटी की रेडिएशन ऑन्कोलॉजिस्ट डॉ. वत्सला यागनिक, मुख्य इंटरवेंशनल हृदय रोग विशेषज्ञ डॉ. साकेत गोयल तथा कोटा हार्ट हॉस्पिटल के सीईओ श्री दीपक कुलश्रेष्ठ ने भाग लिया। विशेषज्ञों ने स्तन कैंसर एवं हृदय रोगों के कारणों, लक्षणों, समय पर जांच की आवश्यकता तथा बचाव के उपायों पर विस्तार से जानकारी प्रदान की।

अपने संबोधन में श्रीमती ऋचा सिंह ने कहा कि स्तन कैंसर एवं हृदय रोग जैसी गंभीर बीमारियों से बचाव के लिए जागरूकता अत्यंत आवश्यक है। समय पर स्वास्थ्य परीक्षण, संतुलित जीवनशैली तथा नियमित चिकित्सकीय परामर्श से इन बीमारियों के जोखिम को काफी हद तक कम किया जा सकता है। उन्होंने कहा कि महिला कल्याण संगठन महिलाओं के स्वास्थ्य एवं कल्याण के लिए भविष्य में भी ऐसे जागरूकता कार्यक्रम आयोजित करता रहेगा।

संगोष्ठी में महिला कल्याण संगठन, कोटा मंडल की सदस्याओं एवं महिला रेल कर्मचारियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। कार्यक्रम को महिलाओं के स्वास्थ्य संरक्षण एवं जागरूकता की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल बताया गया।