केरल में कुदरत का कहर, भीषण बारिश और भूस्खनल से 5 की मौत, कई लापता

जयपुर। केरल राज्य के कुछ जिलों में भारी बारिश और भूस्खलन के कारण 5 पांच लोगों की जान चली गई है। इसके अलावा कईं लोग लापता बताये जा रहे हैं। भारी बारिश के कारण इडुक्की और कोट्टायम जिलों में भूस्खलन हुआ है। मौसम विभाग ने पांच केरल के पांच जिलों में रेड अलर्ट जारी कर दिया है जिसमें पठानमथिट्टा, कोट्टायम, एर्नाकुलम, इडुक्की, त्रिशूर और पलक्कड़ शामिल हैं। इसके अलावा छह जिलों- तिरुवनंतपुरम, कोल्लम, अलाप्पुझा, मलप्पुरम, कोझीकोड और वायनाड में ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है।
भारी बारिश की संभावना को देखते हुए राज्य सरकार के अनुरोध पर सेना, नौसेना और वायु सेना ने नागरिक प्रशासन को स्थिति से निपटने में मदद करने के लिए कदम बढ़ाया है। राष्ट्रीय आपदा प्रतिक्रिया बल ने 11 टीमों को तैनात करने का फैसला किया है।
मुख्यमंत्री कार्यालय की चेतावनी
केरल के मुख्यमंत्री कार्यालय से एक चेतावनी पत्र भी जारी किया है जिसमें लोगों से बेहद सावधान रहने की हिदायत दी है। साथ ही कहा है कि जितना हो सकते नदी और नालों के पास या पहाडों के पास जाने से बचें।
वहीं राज्य सरकार के अनुरोध पर सेना ने बाढ़ प्रभावित इलाकों में अपने जवानों को तैनात कर दिया है। पैंगोडे सैन्य स्टेशन से कोट्टायम जिले के कांजीरापल्ली में लगभग 30 कर्मियों वाली सेना की एक टुकड़ी को स्थानांतरित कर दिया गया है। एमआई-17 और सारंग हेलीकॉप्टर स्टैंडबाय पर हैं और दक्षिणी वायु कमान के तहत सभी बेस हाई अलर्ट पर हैं।

दक्षिणी नौसेना कमान भी बचाव कार्य में शामिल होने के लिए तैयार है और राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के संपर्क में है।