Kota: जनविरोधी सरकार को चुनाव में जनता सिखाएगी सबक ’
वार्ड 69 के निवासियों को मिली तीन योग भवनों की सौगात
कोटा 09 अगस्त। भाजपा कोटा शहर की ओर से कोटा दक्षिण विधानसभा के वार्ड 69 का कार्यकर्ता सम्मेलन व वरिष्ठजन अभिनंदन समारोह बुधवार को हनुमान मंदिर के पास सम्पन्न हुआ। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए उपभोक्ता भंडार चेयरमैन हरिकृष्ण बिरला ने कहा कि भाजपा को महावीर नगर क्षेत्र के लोगों का स्नेह हमेशा से मिलता आया है, और इसी स्नेह और आशीर्वाद के कारण ही आपका एक बेटा देश की सबसे बड़ी पंचायत का प्रतिनिधित्व करता है।
बिरला ने कहा कि बीते पांच सालों तक इस सरकार ने आपके साथ केवल इसलिए अन्याय किया है क्योंकि आपने हर बार उन्हें चुनाव में नकार दिया। वार्ड में पार्कों की हालत यह है कि बच्चे-बुजुर्ग वहां जाने स डरते हैं, टूटी सड़कें, सफाई व्यवस्था बेहाल है। केवल एक क्षेत्र का विकास और दूसरे क्षेत्र में मूलभूत सुविधाओं तक के लिए लोगों को तरसा देना सरकार में बैठे बाशिंदों के भेदभावपूर्ण रवैये की दास्तां को बयां करता है, लेकिन जनता इन्हें माफ नहीं करने वाली, इस अन्याय के लिए चुनाव में हम मिलकर इन्हें सबक सिखाएंगे। उन्होंने क्षेत्रवासियों का आह्वान किया वे आगामी चुनाव में भाजपा के प्रत्याशी को समर्थन देकर राजस्थान में सरकार बनाने में सहयोग करें ताकि क्षेत्र में रुका विकास फिर पटरी पर लौटे सके।
विधायक संदीप शर्मा ने कहा कांग्रेस को साढ़े 4 साल तक राजस्थान की जनता याद नहीं आई। वह कांग्रेस अब चुनाव से पहले जनता को झूठी घोषणाएं कर खुश करने की कोशिश में जुटी है। लेकिन सरकार की एक भी योजना का लाभ लोगों को नहीं मिल रहा। विधायक ने कहा कि कोरोना के संकट में भाजपा के कार्यकर्ताओं ने सड़क पर उतर कर गली गली घूमकर लोगों की मदद की। ऑक्सीजन संकट के समय लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने राज्य को अतिरिक्त ऑक्सीजन दिलाकर कई सांसो को उखड़ने से बचाया।
विधायक ने कहा कि भाजपा के राज में लोगों को सुपरस्पेशियलिटी जैसी चिकित्सा सुविधाएं मिली, मोदी सरकार ने स्टेंट की कीमत 2-3 लाख रुपए से घटाकर 35 से 65 हजार की ताकि हृदय रोगियों आर्थिक संकट न झेलना पड़े। भाजपा के लिए जनसेवा ही राजनीति का पर्याय है लेकिन कांग्रेस का हाल ये है कि वे गंभीर अपराधों में संलिप्त लोगों को आगे बढ़ा रही है , ऐसे लोग कभी जनता का भला नहीं कर सकते ।
दक्षिण निगम में नेता प्रतिपक्ष विवेक राजवंशी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में न सिर्फ विदेशों में भारत का सम्मान बढ़ा है, बल्कि देश के गरीब, वंचित, किसान, महिला समेत सभी वर्गों का विकास हुआ है। भाजपा के कारण ही कोई हमारी सनातन संस्कृति पर हमला नहीं कर सकता। कार्यक्रम को मंडल अध्यक्ष संजय निझावन ने भी संबोधित किया। इस दौरान पार्षद गोपाल मंडा, रीता सलूजा, सुनील गौतम, प्रिया शर्मा, मंडल उपाध्यक्ष दिनेश हाड़ा, गजेंद्र सिंह पंवार, राजेंद्र शर्मा, महेंद्र दूबे ,योगेश पारीक, रेखा सिंह, विष्णु मराठा, पीयूष शर्मा ,रमेश मिश्रा, महिपाल सिंह, ओम टंकड़िया, आदि मौजूद रहे।
योग भवनों की मिली सौगात
वार्ड 69 के निवासियों को 3 योग भवनों की सौगात मिली है। कार्यक्रम में उपभोक्ता भंडार चेयरमेन हरिकृष्ण बिरला व विधायक संदीप शर्मा ने विधायक कोष से नवनिर्मित योग भवन का लोकार्पण व शिलान्यास किया। वार्ड के रमतेश्वर पार्क में 10 लाख रुपए, रघुनाथ पार्क में 5 लाख की लागत से योग भवन का शिलान्यास व मुक्तेश्वर पार्क में 10 लाख की लागत से बने योग भवन का लोकार्पण हुआ।