जयपुर। कोविड़ 19 की तीसरी लहर ने नागपुर में दस्तक दे दी है। राज्य के ऊर्जा मंत्री नितिन राउत ने सोमवार को कहा कि कोरोनावायरस संक्रमण की तीसरी लहर नागपुर तक पहुंच गई है और जल्द ही शहर में जरूरी प्रतिबंध लगाये जायेंगे। राज्य मंत्री ने नागपुर में तीसरी लहर की घोषणा पुलिस और राज्य के स्वास्थ्य मंत्री और अन्य अधिकारियों के साथ बठैक करने के बाद की है।
राउत ने मीडिया से बातचीत करते हुए कहा था कि "तीसरी लहर ने शहर में अपना पैर जमा लिया है क्योंकि लगातार दो दिनों में शहर में दहाई के आंकडे में कोरोना संक्रमित मिल रहे हैं।
द इंडियन एक्सप्रेस की रिपोर्ट के मुताबिक दो से तीन दिनों में अधिकारियों द्वारा तारीख तय करने के बाद दुकानों और अन्य प्रतिष्ठानों पर प्रतिबंध फिर से लगाया जाएगा। राज्य मंत्री ने कहा कि सुरक्षा बरतना हमारी जिम्मेदारी है और कोविड 19 के संक्रमण को फैलन से रोका जाय इसलिए हमें फिर से प्रतिबंध लगाने पड़ेंगे।
राउत ने कहा कि शहर में रोज लगभग 10 से 13 की संख्या में मरीज मिल रहे हैं। जो इस बात की तरफ इंगित करता है कि शहर में कोरोना की तीसरी लहर दस्तक दे चुकी है। इसके अलावा देश के अन्य हिस्सों की तुलना में यहां अगस्त में कोविड -19 मामलों में भारी गिरावट देखी गई, और कईं दिनों से संक्रमण के कारण कोई मौत नहीं हुई।
नागपुर जिले ने अगस्त में केवल 145 नए मामले और दो कोविड से संबंधित मौतों की सूचना दी। इस महीने में अब तक 42 नए कोविड-19 मामले दर्ज किए गए हैं और एक की मौत हुई है। जिले में सोमवार तक केवल 56 सक्रिय कोविड -19 मामले थे।