जयपुर। लखीमपुर खीरी में हुई हिंसा के बाद यूपी में किसानों का गुस्सा चरम पर है। ऐसे में यूपी सरकार ने क्षेत्रीय इंटरनेट सेवा भी बंद कर दी है। किसानों से मिलने जा रही प्रियंका गांधी को यूपी पुलिस ने हिरासत में ले लिया । प्रियंका गांधी ने मोदी सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि मुझे यहां हिरासत में रखा गया है लेकिन किसनों के हत्यारे अभी तक भी अरेस्ट नहीं हुए है।
प्रियंका गांधी ने ट्वीट करके मोदी से कहा कि आपकी सरकार ने बग़ैर किसी ऑर्डर और FIR के मुझे पिछले 28 घंटे से हिरासत में रखा है। अन्नदाता को कुचल देने वाला ये व्यक्ति अब तक गिरफ़्तार नहीं हुआ। क्यों?
बता दें कि किसनों के तिकोनिया क्षेत्र में प्रदर्शन कर रहे किसानों के एक समूह ने केंद्रीय मंत्री अजय कुमार मिश्रा और उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य को रविवार को आने से रोकने की कोशिश की क्योंकि प्रदर्शनकारी श्री मिश्रा के हालिया भाषण से नाराज थे। किसानों ने दावा किया कि मंत्री के काफिले में एक कार के प्रदर्शनकारियों पर चढ़ने के बाद हिंसा भड़की। उनका आरोप है कि कार केंद्रीय मंत्री का बेटा आशीष चला रहा था। केंद्रीय मंत्री अजय मिश्रा के बेटे के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज किया गया है.
वहीं मंत्री अजय मिश्रा का कहना है कि उन्हें अपने बेटे के खिलाफ किसी प्राथमिकी की जानकारी नहीं है. उन्होंने इस बात से भी इनकार किया है कि उनके बेटे का हिंसा से संबंध था। बता दें कि उत्तर प्रदेश सरकार ने मरने वालों के परिवारों को 45 लाख मुआवजा देने का वादा किया है. घायलों को 10 लाख का मुआवजा मिलेगा।