नवल सागर में 10 करोड़ की लागत से शुरू होगा लाइट एंड साउण्ड शो - स्पीकर बिरला के बटन दबाते ही फसाड लाइट्स से जगमगाया नवल सागर
बूंदी, 5 अक्टूबर। बूंदी के नवल सागर की गुरुवार रात अलग ही छटा नजर आई। लोक सभा अध्यक्ष ओम बिरला ने गुरुवार को जैसे ही बटन दबाया, नवल सागर फसाड लाइट्स की रोशनी में जगमगा उठा। कार्यक्रम में आए लोग भी यह नजारा देख सराहना करे बिना रह नहीं सके। इस अवसर पर बिरला ने कहा कि बूंदी को पर्यटन के क्षेत्र में अग्रणी बनाना है. जिस तरह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गुजरात में पर्यटन आकर्षण के केंद्र विकसित किए उसी तरह बूंदी में भी पर्यटकों के आकर्षण के लिए कई चीजें होंगे। इसकी शुरूआत करते हुए नवल सागर में 10 करोड़ रूपए की लागत से लाइट एंड साउण्ड शो प्रारंभ होगा।
जिस तरह लोक सभा अध्यक्ष बिरला ने गत वर्ष दिसम्बर में बूंदी में विभिन्न स्थानों पर फसाड लाइट्स लगवाने की घोषणा की थी। इसका प्रमुख उद्देश्य बूंदी में रात्रिकालीन पर्यटन को बढ़ावा देने का है। यह फसाड लाइट्स जब रात के समय जैसे ही रोशन होंगी बूंदी की ऐतिहासिक और वैभवशाली विरासत का एक नया ही निखार नजर आएगा। इससे बड़ी संख्या में पर्यटक रात के समय आएंगे जिससे क्षेत्र में आर्थिक समृद्धि आएगी।
इस प्रोजेक्ट के पहले चरण में नवल सागर पर फसाड लाइट्स लगाने का काम पूरा होने के बाद स्पीकर बिरला ने इसका शुभारंभ किया। उन्होंने कहा कि रानी जी की बावड़ी, तारा गढ़ और फोर्ट गेट पर भी फसाड लाइट्स लगाने का काम चल रहा है। इसको इसी वर्ष के अंत तक पूरा कर प्रारंभ कर दिया जाएगा। यह प्रोजेक्ट पूरा होने के बाद इन स्थानों को देखने के लिए देशी-विदेशी पर्यटक दूर-दूर से आएंगे।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए बूंदी विधायक अशोक डोगरा ने कहा कि स्पीकर बिरला बूंदी को एक के बाद एक लगातार सौगातें दे रहे हैं। पिछले दिनों उन्होंने सिंथेटिक ट्रैक का लोकार्पण किया था और अब फसाड लाइट्स के पहले चरण का काम जनता को समर्पित किया है। बिरला के प्रयासों से कुछ वर्षों बाद बूंदी का अलग ही स्वरूप नजर आएगा।
इसलिए खास होगा लाइट एंड साउड शो
नवल सागर का लाइट एंड साउंड शो बेहद विशिष्ठ होगा। यहां लाइट एंड साउंड शो की पटकथा और संगीत बूंदी की सांस्कृतिक विरासत पर गौरवशाली इतिहास पर शोध के बाद तैयार किया जाएगा। यहां दिखाए जाने वाले शो में 2-डी और 3-डी एनिमेशन का भी समावेश किया जाएगा। मधुर संगीत पर लय ताल करते फव्वारे किसी को भी आँखें झपकने का मौका नहीं देंगे। फ्लोटिंग डेक पर पानी से बनने वाले स्क्रीन पर लेजर लाइट से बनने वाली आकृतियां भी दर्शकों को भरपूर आकर्षित करेंगे.
फिर बोले बिरला, एयरपोर्ट तो बनकर रहेगा
कार्यक्रम के दौरान स्पीकर बिरला ने एक बार फिर दोहराया कि कोटा-बूंदी में एयरपोर्ट बनकर रहेगा। उन्होंने कहा कि एयरपोर्ट की तैयारियों को लेकर केंद्र सरकार काफी आगे बढ़ चुकी है। अभी नहीं तो कुछ समय बाद एयरपोर्ट का काम चालू होगा।
पर्यटकों को दो दिन बूंदी रोकने की कोशिश
बिरला ने कहा कि हम चाहते हैं कि बूंदी आने वाला पर्यटक कम से कम दो दिन यहां बताएं। पहले दिन सुबह वह रामगढ़ विषधारी अभ्यारण्य में टाइगर सफारी करे, उसके बाद बूंदी का किला घूमे, रानी जी की बावड़ी, चित्रशाला और अन्य स्थान देखे। रात को वह लाइट एंड साउंड शो और फसाड लाइट्स का आनंद ले। अगले दिन वह केशवरायपाटन मंदिर जाए और वहां धार्मिक.आध्यात्मिक पर्यटन का आनंद ले। अगर हम पर्यटक को दो दिन बूंदी में रोकने में कामयाब हो जाते हैं तो बूंदी में आर्थिक तंत्र को मजबूत करने में यह बहुत ही मजबूत कदम होगा।
कार्यक्रम में यह रहे उपस्थित
लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला के ओएसडी राजीव दत्ता, तालेड़ा प्रधान राजेश रायपुरिया, सुरेश अग्रवाल, जिला कलक्टर रविन्द्र गोस्वामी, पुलिस अधीक्षक जय यादव आदि मौजूद रहे।