मध्य प्रदेश:दो दलित भाइयों को बंधक बनाकर बेरहमी से पीटा, 3आरोपी गिरफ्तार
जयपुर। मध्यप्रदेश के इंदौर जिले से एक वीडियो सामने आया है जिसमें एक युवक डंडे से दो लोगों का मारते हुए दिखाई दे रहा है। जानकारी के मुताबिक जिन युवकों को बंधक बनाकर पीटा जा रहा है वे आदिवासी दलित हैं। इस घटना का वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस ने तीन जनों को गिरफ्तार कर लिया है।
एक अधिकारी ने कहा कि मध्य प्रदेश के इंदौर जिले में पुलिस ने एक आदिवासी व्यक्ति और उसके नाबालिग भाई को सड़क पर झगड़े के बाद कथित तौर पर बंधक बनाने और उनकी पिटाई करने के आरोप में तीन लोगों को गिरफ्तार किया है।
घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस ने शनिवार को सुमित चौधरी, जयपाल सिंह बघेल और प्रेम सिंह परमार को गिरफ्तार कर लिया.
बता दें कि यह घटना सीधी जिले में एक पुराने वीडियो के वायरल होने के बाद हाल ही में एक व्यक्ति की गिरफ्तारी के बाद हुई है, जिसमें उसे एक आदिवासी व्यक्ति पर पेशाब करते देखा गया था। इस मुद्दे पर मध्य प्रदेश में भारतीय जनता पार्टी सरकार को आलोचना का सामना करना पड़ा।
पुलिस उपायुक्त आदित्य मिश्रा ने शनिवार को यहां संवाददाताओं को बताया कि राऊ पुलिस थाना क्षेत्र में शुक्रवार को मोटरसाइकिल फिसलने से 18 वर्षीय एक आदिवासी व्यक्ति और उसका 15 वर्षीय भाई सड़क पर गिर गये। अधिकारी ने कहा कि इसके बाद आरोपियों के साथ विवाद हुआ, जो कथित तौर पर उन्हें एक सुरक्षा गार्ड के कमरे में ले गया और उनकी पिटाई की।