अल्पसंख्यक महिलाओं की मतदान जागरुकता बाबत मजलिस का हुआ आयोजन

"जब तक है जान, वतन की शान में, हम करते रहेंगे मतदान"

वोट करना हमारा हक ही नहीं अहम फर्ज भी  है इसे जरूर अदा करें : इलेक्शन आइकॉन तिवारी

बून्दी 26अक्टूबर। मतदाता जागरूकता अभियान के तहत अल्पसंख्यक महिलाओं में मतदान की जागृति हेतु शहर की पुरानी बसावट के ब्रह्मपुरी इलाके में आंगनबाड़ी केंद्र पर  वोट जागरूकता  मजलिस का आयोजन किया गया। आयोजन में जिला इलेक्शन आइकॉन डॉ सर्वेश तिवारी मेहमाने खाश  रहे। जबकि उम्रदराज मतदाता खातून मेहरुनिशा व बिस्मिल्ला ने मजलिस की सदारत की। धाबाइयों का चोक स्कूल की संस्थाप्रधान मेहजबीन रानी  बतौर मेहमान मजलिस में शामिल हुई। आयोजन में तालिया की गड़गड़ाहट के बीच नव मतदाता बालिकाओं का फूलमालाओं से इस्तकबाल किया गया तथा गृहणियों व कामकाजी महिलाओं को मतदान करने के प्रति जागरूक कर शपथ दिलाई गई।


मजलिस में बोलते हुए इलेक्शन आइकॉन डॉ सर्वेश तिवारी ने मतदान के महत्व के साथ शतप्रतिशत वोटिंग में महिलाओं की भूमिका से सबको रूबरू करवाया। उन्होंने कहा कि वोट करना हमारा हक ही नहीं अहम फर्ज भी  है इसे जरूर अदा करें। मुल्क की तरक्की व बुलंदी के लिए मजबूत सरकार वोट से ही बनती है व हमारा एक एक वोट मजबूत नीति निर्माण के लिए भी अहम होता है। उम्र के तुजुर्बे को बयां करते हुए बुजुर्ग मतदाता मेहरुनिशा व बिस्मिल्ला ने कहा कि वे खुद ताउम्र वोट डालती आईं है व आगे भी इस फर्ज को निभाएंगी क्योंकि सरकार चुनना हमारी जिम्मेदारी है।  संस्था प्रधान मेहजबीन रानी ने कहा कि काम का बहाना व आलस छोड़कर वोट के दिन महिलाएं सबसे पहले खुद वोट करें व उसके बाद परिवार सहित सबसे वोट करवाएं।

नव मतदाता सूफिया खानम ने कहा कि देश से ही हमारी पहचान होती है देश यदि तरक्की करता है तो हम भी तरक्की करते हैं।  जब तक जान है हम वतन की शान में हमेशा मतदान करते रहेंगे। कार्यक्रम में नवमतदाता अलिशा, मुस्कान अंसारी, सूफिया खानम, अलिना  व नाजिया का फूल मालाओं से अभिनंदन किया गया। मजलिस में भाग लेंते हुए महिला रेशमा,संजीदा, रुबीना, फ़ातिमा, अफसाना, रोशनआरा ने सारे काम छोड़कर सबसे पहले मतदान करने की बात कही। वहीं नूरनिशा, फरीदा, शगुप्ता रानी, रुकसाना, जमीला, कौसर, नजीरन, बेगमा, अनिसा, फातिमा, जीनत, शाजिया व जमीला ने खुद वोट डालने के साथ सबसे भी वोट डालने की अपील की।

इससे पहले आंगनबाड़ी कार्यकर्ता नरगिस खानम ने मजलिस की  शुरुआत मे फूल मालाओं से मेहमानों का स्वागत इस्तक़बाल करते हुए जागरूकता कार्यक्रम का प्रतिवेदन पेश किया। निजाम सूफिया खानम ने मजलिस का संचालन  किया । सहायिका शमा ने सभी का शुक्रिया अदा किया। आयोजन में आंगनबाड़ी से जुडी अल्पसंख्यक महिलाओं, बीएलओ सहित केम्पस एम्बेसेडर आतिश वर्मा ने शिरकत की।