विकसित भारत संकल्प यात्रा की तैयारियों को लेकर हुईं बैठक आयोजित

-कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए संकल्पबद्धता के साथ करें काम - डीएम

डीग, जिला कलक्टर डीग शरद मेहरा की अध्यक्षता में बुधवार को विकसित भारत संकल्प यात्रा के तैयारियों के संबंध में पंचायत समिति डीग के सभागार में बैठक आयोजित की गई। आयोजित बैठक में कार्यक्रम की तैयारियों की समीक्षा की गई जिसमें जिला कलक्टर ने कार्यक्रम के उद्देश्यों, कार्य योजना एवं क्रियान्वयन के संबंध में विस्तार से जानकारी दी । जिला कलक्टर ने बताया कि हर पात्र व्यक्ति को जनकल्याणकारी योजनाओं से लाभान्वित कर उसके जीवन स्तर को बेहतर बनाने के लिए केन्द्र सरकार ने विकसित भारत संकल्प यात्रा कार्यक्रम की शुरूआत की है। इस कार्यक्रम के तहत योजनाओं के पात्र नागरिकों को लाभान्वित किया जायेगा साथ ही हैल्थ कैम्प भी आयोजित किये जायेंगे और योजनाओं का लाभ जन-जन तक पहुंचाया जाएगा।

डीग जिले में हर पात्र व्यक्ति को इन योजनाओं का लाभ मिले इसके दृष्टिगत विकसित भारत संकल्प यात्रा कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए जिला प्रशासन पूरी संकल्पबद्धता के साथ कार्य करे। उन्होंने बैठक में संबंधित विभागीय अधिकारी को निर्देश दिए कि वे पूर्ण समन्वय एवं योजनाबद्ध तरीके से काम करते हुए इस कार्यक्रम को सफल बनाएं । उन्होंने बताया कि ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों में केन्द्र सरकार की फ्लैगशिप योजनाओं की जानकारी आमजन तक पहुॅचाकर उन्हें लाभान्वित करने के लिए ग्राम पंचायतवार एवं शहरी क्षेत्रों में वार्डवार कार्यक्रम बनाकर मोबाइल वैन का भ्रमण किया जायेगा। उन्होंने बताया कि विकसित भारत संकल्प यात्रा के तहत संचालित वैन में योजनाओं का प्रचार-प्रसार किया जायेगा। ऑडियो-वीडियों के माध्यम से योजनाओं की जानकारी दी जायेगी। स्थानीय स्तर पर योजनाओं में लाभान्वित नागरिकों की सफल कहानियां को स्थानीय नागरिकों के माध्यम से बताया जायेगा। उन्होंने बताया कि अभियान के दौरान कृषि गतिविधियां, स्थानीय कलाकारों द्वारा सांस्कृतिक कार्यक्रम, ‘‘धरती कहे पुकारके’’, क्विज गतिविधियां एवं लाभान्वित व्यक्तियों के संस्मरण ‘‘मेरी कहानी मेरी जुबानी’’ प्रस्तुत किये जायेंगे।

वैन के माध्यम से योजनाओं की  जानकारी मिलेगी । विकसित भारत संकल्प यात्रा के दौरान ग्राम पंचायतों एवं शहरी क्षेत्र के वार्डों में पीएम स्वनिधि योजना, पीएम विश्वकर्मा, पीएम उज्जवला योजना, पीएम मुद्रा लोन, स्टार्टअप इंडिया, स्टैण्डअप इंडिया, आयुष्मान भारत, पीएम आवास योजना, स्वच्छ भारत अभियान, पीएम ई-बस सेवा, अटल मिशन अमृत योजना, पीएम भारतीय जन औषधी परियोजना, उजाला योजना, सौभाग्य योजना, डिजिटल पेमेंट, खेलो इंडिया, उडान योजना, वंदे भारत ट्रेन एवं अमृत भारत स्टेशन योजना, पीएम गरीब कल्याण अन्न योजना, दीनदयाल अंत्योदय योजना, पीएम किसान क्रेडिट कार्ड, पीएम पोषण अभियान, हर घर जल जीवन मिशन, जन धन योजना, जीवन ज्योति बीमा योजना, सुरक्षा बीमा योजना, अटल पेंशन योजना, पीएम प्रणाम एवं नैनोफार्टिलाइजर के बारे में आम नागरिकों को जानकारी दी जायेगी। बैठक में उपखंड अधिकारी डीग डॉ रवि कुमार गोयल, उपखंड अधिकारी कुम्हेर देवेंद्र परमार, उपखंड अधिकारी पहाड़ी सुनीता यादव, जिला शिक्षा अधिकारी नीलकमल गुर्जर सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।