युवाओं और महिलाओं के लिए आकर्षण का केंद्र बन रही मल्टीमीडिया प्रदर्शनी
-जिले में लगभग 4 लाख पात्र व्यक्तियों के बनाए जाएंगे आयुष्मान कार्ड - सीएमएचओ
बूंदी, 9 जनवरी। केन्द्रीय संचार ब्यूरो, सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय, भारत सरकार, कोटा की ओर से बूंदी के चौगान गेट स्थित जैन नोहरे में लगाई जा रही विकसित भारत संकल्पित भारत वृहद मल्टीमीडिया प्रदर्शनी युवाओं एवं महिलाओं के लिए आकर्षण का केन्द्र बन रही है। युवा एवं महिलाएं बढ़ चढ़कर प्रदर्शनी का अवलोकन कर योजनाओं की जानकारी प्राप्त कर रहे है।
शुक्रवार को प्रदर्शनी के दूसरे दिन मुख्य जिला शिक्षा अधिकारी डॉ. महावीर कुमार शर्मा, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ.ओपी सामर, उप मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. कमलेश शर्मा, आईसीडीएस विभाग की महिला पर्यवेक्षक लीला पंचोली, कृषि अधिकारी मोनिका मीणा ने विभागीय योजनाओं की जानकारी दी।
इस अवसर पर मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. ओपी सामर ने कहा की आयुष्मान भारत परियोजना के तहत बूंदी जिले में वर्ष 2011 की जनगणना के अनुसार लगभग 4 लाख पात्र व्यक्तियों के आयुष्मान कार्ड बनाए जाएंगे। उन्होंने कहा कि इस आयुष्मान कार्ड के बन जाने से भारत के किसी भी शहर में अपना इलाज करा सकेंगे ।
उन्होने कहा की इस योजना के तहत 5 लाख तक का इलाज मुफ्त में करवा सकते हैं। उन्होंने कहा कि स्वस्थ भारत के लिए जिले के प्रत्येक व्यक्ति की आभा आईडी बनाने का कार्य किया रहा है।
प्रदर्शनी में मुख्य जिला शिक्षा अधिकारी डॉ. महावीर शर्मा ने कहा कि विकसित भारत के सपने को साकार करने के लिए शिक्षा महत्वपूर्ण बिन्दु है। उन्होंने कहा कि जब देश आजादी की स्वर्ण जयंती मना रहा होगा, तब भारत विकसित राष्ट्र की श्रेणी में शामिल होगा। उन्होंने राष्ट्र प्रथम की नीति को अपनाने पर बल दिया। आईसीडीएस विभाग की महिला पर्यवेक्षक लीला पंचोली ने प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना, राष्ट्रीय पोषण मिशन के बारे में जानकारी दी। कृषि अधिकारी मोनिका मीणा ने प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना , प्रधानमंत्री सोयल हेल्थ कार्ड एवं नैनो यूरिया के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने कहा कि बूंदी में 2 लाख 85 हजार सोयल हेल्थ कार्ड वितरित किए जा चुके है।
प्रारंभ में अतिथियों का स्वागत करते हुए केन्द्रीय संचार ब्यूरो कोटा के सहायक निदेशक रामेश्वर लाल मीणा ने प्रदर्शनी के उद्देश्य एवं प्रदर्शनी के दौरान आयोजित की जाने वाली गतिविधियों पर प्रकाश डाला। प्रदर्शनी के दौरान मौखिक प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता के सफल प्रतिभागियों को अतिथियों द्वारा पुरस्कृत कर सम्मानित किया गया।
प्रदर्शनी के दौरान डाक विभाग, स्वास्थ्य विभाग, महिला एवं बाल विकास विभाग, महिला अधिकारिता विभाग, कृषि विभाग, जिला परिषद, राजीविका आदि विभागों द्वारा स्टॉल लगाकर कर आमजन को विभागीय योजनाओं की जानकारी देकर जागरूक किया जा रहा है।
कार्यक्रम के दौरान आदर्श विद्या मंदिर माध्यमिक विद्यालय लाल कोठी, राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय बूंदी, पंडित मोतीलाल सुखलाल उच्च माध्यमिक विद्यालय, विद्या विहार हैप्पी विद्यालय, राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय बूंदी सहित 6 विद्यालयों, एनसीसी, स्काउट गाइड, राजकीय महाविद्यालय के छात्र-छात्राओं तथा महिला बाल विकास विभाग की महिला कार्यकर्ता ने प्रदर्शनी का अवलोकन कर केन्द्र एवं राज्य सरकार की
जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी हासिल की। प्रदर्शनी का अवलोकन करने वाले प्रतिभागियों को विकसित भारत के कैलेंडर, ब्रोसर, पॉकेट बुक भी वितरित की गयी। इस अवसर पर अमित चकरी छाबडा बारां पार्टी द्वारा सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुति दी गयी। इस प्रदर्शनी का समापन समारोह 10 फरवरी को दोपहर 2 बजे होगा।
इस अवसर पर महिला अधिकारिता विभाग की जेण्डर स्पेशलिस्ट विनीता अग्रवाल, महिला सुरक्षा केंद्र की सलाहकार उमा गौतम, स्काउट गाइड प्रभारी सर्वेश तिवारी, लाल योग फाउंडेशन के दीपक गुर्जर, व्याख्याता रामसिंह गुर्जर, महारानी बालिका उच्च माध्यमिक विद्यालय की सुमन जैन, क्षेत्रीय प्रचार सहायक प्रेम सिंह यादव, नेमीचंद मीणा आदि मौजूद रहे।