नई कलेक्टर श्रुति भारद्वाज ने डीग डीएम का पदभार संभाला

पहले दिन ही किया सीएचसी, विद्यालय, अन्नपूर्णा रसोई और निर्माणाधीन कलेक्टरेट भवन का औचक निरीक्षण

डीग, डीग जिले की नई कलेक्टर श्रुति भारद्वाज ने सोमवार को डीग जिला कलेक्टर का पदभार ग्रहण किया।डीग स्थित अन्नपूर्णा रसोई का किया निरीक्षण जिला कलेक्टर भारद्वाज ने कार्यभार संभालते ही डीग के प्राचीन लक्ष्मण मंदिर में पूजा अर्चना की एवं जिले के खुशहाली  के लिए मंगल कामना की। पूजा के पश्चात उन्होंने डीग स्थित अन्नपूर्णा रसोई का निरीक्षण कर उपस्थित अधिकारियों को आवश्यक दिशा निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान उन्होंने रसोई के भण्डार घर, टोकन काउंटर एवं साफ सफाई की व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को राज्य व केंद्र सरकार के मंशा अनुरूप कोई भी पात्र व्यक्ति भूख ना सोए इसके मद्देनजर अन्नपूर्णा रसोई की गुणवत्ता में बढ़ोतरी करने के विशेष निर्देश दिए। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को अन्नपूर्णा रसोई योजना के तहत निर्धारित मेन्यू के अनुसार पात्र व्यक्तियों को गुणवत्तापूर्ण भोजन उपलब्ध करवाने के निर्देश दिए।

अस्पताल परिसर में साफ सफाई को सुधारे अधिकारी उन्होंने जिले के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र का भी औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के समय उपखंड अधिकारी डीग रवि गोयल और मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ मानसिंह उपस्थित थे। इस दौरान उन्होंने अस्पताल में मौजूद अधिकारियों को निर्देशित किया कि वे अस्पताल परिसर में बिगड़ी पार्किंग व्यवस्था के संबंध में तत्काल ही समुचित कार्रवाई करे। साथ ही उन्होंने इमरजेंसी वार्ड, निशुल्क दवा काउंटर, जनरल वार्ड सहित अन्य वार्डो में जाकर  व्यवस्थाएं देखी एवं मरीजों के साथ संवाद किया और अस्पताल में दी जा रही सुविधाओं के संबंध में उनसे विस्तार से जानकारी प्राप्त की। जिला कलेक्टर ने वार्डो में विशेष तौर पर सफाई रखने की बात कही एवं स्वस्थ केंद्र में उपस्थिति पंजिका का भी अवलोकन किया जा।

छात्रों के शैक्षणिक स्तर को ओर बढ़ाएं अध्यापक उन्होंने किशनलाल जोशी राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय का औचक निरीक्षण करते हुए विद्यालय के प्राचार्य को निर्देशित किया की वे स्कूल में छात्रों की बैठने की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करवाए। साथ ही उन्होंने स्कूल के कंप्यूटर लैब में जाकर लैपटॉप, एलईडी और आवश्यक इलेक्ट्रॉनिक्स उपकरण का अवलोकन किया एवं मौके पर विद्यालय के एक छात्र से कंप्यूटर में आवेदन पत्र टाइप करने को कहा। उन्होंने स्कूल में साफ सफाई रखने एवं छात्रों की नियमित उपस्थिति पंजिका को मेंटेन करने को भी कहा।

विद्यालय में वितरित किए जा रहे भोजन के संबंध में जिला कलेक्टर ने विशेष रूप से भण्डार गृह में समुचित सफाई व्यवस्था एवं अधिक पोषक तत्वों वाले भोजन को छात्रों को देने के निर्देश दिए।इसके साथ ही उन्होंने निर्माणाधीन कलेक्टरेट भवन का भी निरीक्षण किया एवं जल्द ही भवन निर्माण हेतु संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया। जिला कलेक्टर ने भवन में जाकर बनाए जा रहे कक्षों का मुआयना किया एवं भवन निर्माण के कार्य में गति लाने को कहा।