Rajasthan News: हनुमानगढ़ में MiG-21 फाइटर जेट हुआ क्रैश, तीन लोगों की मौत

जयपुर न्यूज डेस्क । राजस्थान के हनुमानगढ जिले में सोमवार को सेना का फाइटर विमान दुर्घटनाग्रस्त होकर मकान की छत पर जा गिरा। जानकारी के मुताबिक इस दुर्घटना में 3 लोगों की मौत हो गई वहीं पायलट की जान बचाव​कर्मियों द्वारा बचा ली गई ।  वायु सेना सूत्रों के मुताबिक, मिग 21 ने  सूरतगढ़ से उड़ान भरी थी।
दुर्घटना के बाद भारतीय वायु सेना ने एक आधिकारिक बयान जारी किया जिसमें कहा गया कि, ''विमान का मलबा हनुमानगढ़ जिले के बहलोल नगर में एक घर पर गिर गया, जिससे दुर्भाग्य से तीन लोगों की मौत हो गई। भारतीय वायु सेना जानमाल के नुकसान पर खेद व्यक्त करती है और शोक संतप्त परिवारों के प्रति अपनी गहरी संवेदना व्यक्त करती है। दुर्घटना के कारणों का पता लगाने के लिए एक कोर्ट ऑफ इंक्वायरी का गठन किया गया है। पायलट को सूरतगढ़ बेस से करीब 25 किलोमीटर उत्तर पूर्व में बरामद किया गया।''

जिलाधिकारी रुक्मणी रियार ने कहा कि मिग-21 जेट के दोनों पायलट सुरक्षित हैं। जेट हनुमानगढ़ के डाबली इलाके के पास दुर्घटनाग्रस्त हो गया। वहीं, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक जस्साराम बोस ने कहा कि तीन नागरिकों के हताहत होने की सूचना है।