जयपुर। कांग्रेस आलाकमान पंजाब का मुद्दा सुलझा चुकी है। कांग्रेस ने पंजाब में प्रेदश के मुखिया से लेकर मंत्रिमण्डल में बदलाव कर दिये हैं। अब सबकी नजर राजस्थान पर है। राजनैतिक गलियारों में अब राजस्थान के मंत्रिमण्डल और अन्य राजनैतिक नियुक्तियों को लेकर चर्चाएं बढ़ गईं।
राजस्थान के प्रभारी अजय माकन भी पहले मीडिया को बयान दे चुके हैं कि अब राजस्थान के लिए सबकुछ तैयार है। और इंतजार है तो सिर्फ मुख्यमंत्री अशोक गहलोत के ठीक होने का। उन्होंने कहा कि अब जल्द ही राजस्थान में राजनैतिक नियुक्तियां और मंत्रिमण्डल में फेरबदल किया जायेगा।
पायलट कैम्प को मिलेगी अहमियत
राजस्थान के पूर्व उपमुख्यमंत्री और प्रदेशाध्यक्षा सचिन पायलट ग्रुप को इस मंत्रीमण्डल विस्तार में ज्यादा अहमियत मिलने वाली हैं। वहीं, ऐसा मंत्री जो विवादित रहे हैं और काम ढंग से नहीं किया है उनकी विदाई हो सकती है। पिछले दिनों सचिन पायलट ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी से मैराथन बातचीत की थी। इस मुलाकात के बाद आज सचिन पायलट वापिस जयपुर लौटे हैं। ऐसे में कयास लगाये जा रहे हैं कि राजस्थान में मुख्यमंत्री अशोक गहलोत और सचिन पायलट खेमों के बीच जारी खींचतान को मिटाने के लिए
अब हाईकमान फैसले लेने वाला है। पायलट भी अपनी सारी शर्तें राहुल गांधी के सामने रख चुके हैं।
इससे पहले प्रदेश के प्रभारी अजय माकन भी एक एक विधायकों से राय ले चुके हैं। और इनकी रिपोर्ट भी आलाकमान को सौंप चुके हैं। अजय माकन ने जुलाई के अन्त में राजस्थान का दौरा किया था। वहीं कुछ दिनों पहले भी माकन यह स्पष्ट कर चुके हैं कि अब रोडमैप पूरी तरह तैयार है और जल्द ही सारा काम हो जायेगा।