कोटा रेल मंडल में राजभाषा समिति बैठक एवं पुरूस्कार वितरण
कोटा। मंडल रेल प्रबंधक श्री मनीष तिवारी की अध्यक्षता में मंडल कार्यालय के सभागृह में दिनांक 21 फरवरी को शाम 4 बजे को मंडल राजभाषा कार्यान्वयन समिति कोटा की दिसम्बर 2023 को समाप्त अवधि की तिमाही बैठक का आयोजन किया गया। इस बैठक में अपर मंडल रेल प्रबंधक (ओ एंड ए) श्री मनोज कुमार जैन, मुख्य राजभाषा अधिकारी/अपर मंडल रेल प्रबंधक (टी एंड आई) श्री आर आर के सिंह, वरिष्ठ मंडल कार्मिक अधिकारी श्री सुप्रकाश, राजभाषा अधिकारी श्री शशि प्रकाश सिंह सहित कई शाखा अधिकारी एवं उप समितियों से पधारे सदस्यगण ने भाग लिया।
इस बैठक में डीआरएम श्री तिवारी ने संबोधित करते हुए कहा रेलवे के प्रतिदिन काम-काज में प्रयुक्त हिंदी के प्रयोग के प्रति सजगता बढ़ाना हम सभी का संवैधानिक दायित्व है। कोटा मंडल में राजभाषा का प्रयोग-प्रसार काफी अच्छी गति से चल रहा है। हमें सरकारी काम- काज में सरल, सुबोध शब्दों का प्रयोग करते हुए और आवश्यकता पड़े तो देवनागरी लिपि में अंग्रेज़ी के प्रचलित शब्दों का प्रयोग करके इस प्रवाह को निरंतर बनाए रखना है।
इस अवसर पर मंडल रेल प्रबंधक ने सभी शाखा अधिकारियों के साथ राजभाषा दैनिन्दनी का विमोचन किया। इसके अतिरिक्त गृह मंत्रालय की 20 हजार शब्द लेखन योजना पुरूस्कार का वितरण डीआरएम ने किया। जिसमे विभिन्न विभागों के कुल 10 कर्मचारियों को पुरूस्कृत किया गया।