जिला कलक्टर के निर्देश पर उपखण्ड अधिकारियों ने लिया फसल खराबे का जायजा
’जिला कलक्टर के निर्देश पर उपखण्ड अधिकारियों ने लिया फसल खराबे का जायजा’
ब्यूरो चीफ शिवकुमार शर्मा
बूंदी राजस्थान
- ’संबंधित अधिकारियों को मुआवजे संबंधी सभी प्रक्रिया त्वरित गति से पूरी के दिए निर्देश’
बूंदी, 10 अक्टूबर। राज्य सरकार की मंशानुरूप फसल खराबे का किसानों को समय पर मुआवजा दिलाने को लेकर जिला कलक्टर डॉ. रविन्द्र गोस्वामी के निर्देश पर सोमवार को जिले के उपखण्ड अधिकारियों ने उनके क्षेत्र में बरसात से हुए फसल खराबे का जायजा लिया। इस दौरान फसल खराबे को लेकर किसानों से बातचीतबातचीत की।
जिला कलक्टर ने बताया कि मुसीबत की इस घडी में शासन और प्रशासन किसानों के साथ खडा है। उन्होंने उपखण्ड अधिकारियों को निर्देश दिए है कि फसल खराबे का सर्वे शीघ्र शुरू करवाया जावे, ताकि बीमा योजना के माध्यम से किसानों को त्वरित राहत दी जा सके।
किसानों को फसल खराबे का समय पर मुआवजा दिलाने के लिए सोमवार को उपखण्ड अधिकारी बूंदी हेमराज पडिवाल ने बूंदी उपखण्ड क्षेत्र के सिलोर, नमाना, ग़रडदा, उपखण्ड अधिकारी हिण्डोली अमित चौधरी ने पेच की बावड़ी एवं के.पाटन उपखण्ड अधिकारी बलवीर सिंह ने केशवरायपाटन तथा उपखण्ड अधिकारी लाखेरी ने लबाना, पापड़ी तथा उपखण्ड अधिकारी नैनवां शत्रुघ्न गुर्जर ने जैतपुर, लम्बाबरडा, कोलाहेड़ा, रेठोदा, फुलेता आदि क्षेत्रों का दौरा कर फसल खराबे का जायजा लिया। इस दौरान उपखण्ड अधिकारियों ने फसल खराबे के संबंध में किसानों से बातचीत कर उनका दुख दर्द जाना। साथ ही उन्होंने मौके पर मौजूद संबंधित विभागों के अधिकारियों को निर्देश दिए कि मुआवजे की सभी प्रक्रियाएं अतिशीघ्र पूरी कर किसानों को राहत प्रदान करवाई जावे।