कोर्ट परिसर में झगड़ा,तीन को लिया पुलिस ने हिरासत में
रिपोर्टर गौतम के गट्स जोधपुर
जोधपुर।आपस में झगड़ा करने पर पकड़े गए तीन युवकों को कोर्ट में पेश करने के दौरान उनके परिजन आपस में भिड़ गए। एसीपी कार्यपालक मजिस्ट्रेट कार्यालय के बाहर परिजनों में जोरदार झगड़ा हो गया। जमानत देने के लिए पहुंची परिवार की महिलाएं व पुरुष एक-दूसरे से गुथमगुत्था हो गए। मजिस्ट्रेट कार्यालय के बाहर ही जमकर लात घूसे दोनों पक्षों के परिजनों ने चलाए। बाद में पुलिस ने सभी को अलग किया। इस मामले में तीन लोगों को गिरफ्तार किया गया है।
पुलिस ने बताया कि क्षेत्र में आपस में झगड़ा करने पर पुलिस ने अभिषेक सहित तीन युवकों को गिरफ्तार किया था। इन लोगों को कल जमानत के लिए एसीपी कार्यपालक मजिस्ट्रेट कार्यालय में पेश करने ले जाया गया। इस दौरान तीनों युवकों के परिजन भी वहां पहुंच गए। एक-दूसरे को देखते ही वे एक-दूसरे को भला-बुरा कहने लगे। दोनों पक्षों के बीच तकरार ऐसी बढ़ी कि वे आपस में भिड़ पड़े। महिला और पुरुष कोई भी कम नहीं रहा सभी ने जमकर हंगामा बरपाया। मौके पर पहुंची पुलिस ने बड़ी मुश्किल से सभी को अलग किया। पुलिस की मौजूदगी में भी ये लोग आपस में लड़ते रहे। बाद में पुलिस ने तीन लोगों को इस मामले में गिरफ्तार कर लिया। इस दौरान कार्यालय के बाहर अफरा-तफरी मच गई। कई वाहन भी नीचे गिर गए।