सफाई कर्मियों के लिए उचित कार्य स्थितियां सुनिश्चित की जाएं, राज्य सफाई कर्मचारी आयोग के सदस्य ने बैठक में दिए निर्देश

कोटा, 3 अक्टूबर। राज्य सफाई कर्मचारी आयोग के सदस्य राहुल महाराज ने मंगलवार को कलक्टेट सभागार में विभिन्न विभागों के अधिकारियों की बैठक लेकर दिशा निर्देश दिए। उन्होंने विभिन्न विभागों में कर्मचारियों की स्थिति, वेतन भुगतान, न्यूनतम मजदूरी, कार्य स्थितियों इत्यादि के बारे में विस्तार से जानकारी ली और निर्देश दिए।


सफाई कर्मचारी आयोग सदस्य ने निर्देश दिए कि नगर निगम, स्थानीय निकाय एवं विभिन्न विभागों में ठेका सफाई कर्मियों को न्यूनतम वेतनमान एवं अन्य आवश्यक सुविधाएं तथा उचित कार्य स्थितियां सुनिश्चित की जाएं। सेप्टिक टैंक नाला, सीवरेज इत्यादि  जोखिमपूर्ण कार्य मशीनों से कराई जाए। उल्लंघन करने पर संबंधित के खिलाफ कार्यवाही की जाए। सफाई कर्मियों के लिए कार्य स्थितियों के संदर्भ में सर्वोच्च न्यायालय के निर्देशों की पालना सभी विभागों मंे कराई जाए। नियमित कार्मिकों को पीएफ, एसआई, आरजीएचएस, चिरंजीवी योजना सहित अन्य योजनाओं का उनकी पात्रता अनुसार लाभ दिया जाए। उन्होंने सफाई कर्मियों के लिए समय-समय पर स्वास्थ्य जांच शिविर लगाए जाने के निर्देश दिए।

आयोग सदस्य ने नगर निगम अधिकारियों को सफाई कर्मियों का सम्पूर्ण डेटा संधारित करने के भी निर्देश दिए। जिसमें उनके कुशल, अकुशल होने, अनुभव इत्यादि सम्मिलित हो। उन्होंने विभिन्न विभागों में सफाई कर्मचारियों के बकाया वेतन, अनुकम्पा नियुक्ति इत्यादि के बारे में जानकारियां ली। इस पर उप निदेशक स्थानीय निकाय अनुपमा टेलर ने बताया कि समस्त निकायों में कहीं भी वेतन भुगतान बकाया नहीं है। अनुकम्पा नियुक्ति के प्रकरण भी लम्बित नहीं है। अतिरिक्त कलक्टर शहर बृजमोहन बैरवा ने कहा कि आयोग सदस्य के निर्देशों की पालना सुनिश्चित कराई जाएगी। बैठक में विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने भाग लिया।