संविधान सप्ताह के अंतर्गत प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता का हुआ आयोजन
युवा स्वयं लैंगिक अपराधों के प्रति सतर्क हों तथा इसके प्रति जागरूकता में सहभागी बनें : यादव
बून्दी 1 दिसंबर,
देश की कर्णधार युवा पीढ़ी आज अनजाने में या उम्र के प्रभाव में लैंगिक अपराधों में लिप्त होती जा रहीं है इस पर अपर जिला एवं सेशन न्यायाधीश सुनील कुमार यादव ने गम्भीर चिंता प्रकट की। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सचिव यादव बुधवार को राजकीय महाविद्यालय में संविधान सप्ताह के अंतर्गत आयोजित प्रश्नोत्तरी व संगोष्ठी कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में बोल रहे थे। इस अवसर पर उन्होंने युवाओं को नैतिकता का पाठ पढ़ाते हुए कहा कि जेल निरीक्षण के दौरान नव वयस्क युवाओं की पोस्को एक्ट में बढ़ती संख्या व उनके लंबी सजा पाने को सुनहरे भविष्य के साथ कुठाराघात बताया। उन्होंने कहा युवा पीढ़ी को ऐसे अपराधों से बचाने के लिए जनचेतनकारी वातावरण निर्माण की महती आवश्यकता है उन्होंने विभिन्न कानूनों की चर्चा करते हुए युवाओं को जागरूक किया व उनका आवाहन किया कि वे स्वयं लैंगिक अपराधों से बचें तथा इसके प्रति समाज में सजगता का वातावरण निर्मित करें।
महाविद्यालय के सेमिनार हॉल में प्रश्नोत्तरी व संगोष्ठी कार्यक्रम का आयोजन जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, एनसीसी, एनएसएस व स्काउट गाइड यूनिट के संयुक्त तत्वावधान में किया गया। भारतीय संविधान विषय पर आयोजित कार्यक्रम में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण से जुड़े पीएलवी व स्काउट गाइड के संयुक्त सचिव सर्वेश तिवारी विशिष्ट अतिथि रहे अध्यक्षता प्राचार्य डॉ एनके जेतवाल ने की।
विशिष्ट अतिथि के रूप में बोलते हुए सर्वेश तिवारी ने युवाओं को कर्तव्य बोध से व्यक्तित्व निर्माण व राष्ट्र निर्माण में सहभागिता की प्रक्रिया से अवगत करवाया। मुख्य अतिथि यादव ने इस अवसर पर संविधान के पालन की शपथ दिलाई। दो घंटे से अधिक लंबी चली प्रतिस्पर्धात्मक प्रश्नोत्तरी श्रंखला में कॉलेज छात्र छात्राओं ने उत्साह से भाग लिया जिसमें मेघा कंवर ने प्रथम स्थान प्राप्त किया वहीं द्वितीय स्थान विजेंद्र नागर ने प्राप्त किया व हिम्मत रॉय तृतीय स्थान पर रहें। विजेताओं को अतिथियों ने पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया। एनएसएस इकाई द्वारा अतिथियों का स्मृति चिन्ह भेंट कर अभिनन्दन किया गया।संचालन सहायक आचार्य डॉ विकास कुमार शर्मा ने किया। एनएसएस प्रभारी डॉ सीमा चौधरी ने आभार प्रकट किया।
कार्यक्रम में महाविद्यालय की एनएसएस इकाईयों के प्रभारी डॉ राजेश कुमार चैहान, मनोज कुमार टटवाल, विकास राठौर, स्काउट एण्ड गाईड के प्रभारी डाॅ विकास कुमार शर्मा, डाॅ भारतेन्दु गौतम, डाॅ सन्त कुमार मीणा एवं एनसीसी प्रभारी डॉ जुबेर खान सहित प्राधिकरण के अभिजीत पारीक, रोवरमेट आतिश वर्मा उपस्थित रहे।
ब्यूरो चीफ ब्यूरो कुमार शर्मा
बूंदी राजस्थान