जयपुर। बेरोजगार महासंघ के अध्यक्ष उपेन यादव के नेतृत्व में आज प्रदेश के बेरोजगारों ने विभिन्न मांगो को लेकर शहीद स्थल पर धरना प्रदर्शन किया। बेरोजगारों ने अपनी मांगों को पूरा करने के लिए राज्य सरकार को 1 अक्टूबर तक का समय दिया है। बेरोजगार महासंघ अध्यक्ष उपेन यादव ने कहा 1 अक्टूबर तक अगर सरकार ने मांगें नहीं मानी तो 2 अक्टूबर को बेरोजगार दांडी यात्रा निकालकर सरकार का विरोध करेंगे
ये मांगे हैं बेरोजगारों की
कंप्यूटर अनुदेशक भर्ती में रिक्त पदों पर शिथिलता देकर एक और सूची जारी की जाये और पूरे पदों को भरा जाये। चयनित अभ्यर्थियों के दस्तावेज सत्यापन का जल्द शेड्यूल जारी करवाकर जल्द नियुक्ति दी जाये। इसके अलावा आई टी बेरोजगारों को प्रोग्रामर और सूचना सहायक भर्ती की जल्द से जल्द विज्ञप्ति जारी की जाये। इसके अलावा ओबीसी और ईडब्लूएस और एमबीसी के सर्टिफिकेट को लेकर आ रही परेशानियों को दूर किया जाये। साथ ही ओबीसी आरक्षण की विसंगतियों को दूर किया जाये।
उपेन यादव ने कहा ट्विट करते हुए कहा कि, "संयुक्त सचिव को सीएमओ में 5 सदस्य प्रतिनिधिमंडल ने ज्ञापन सौंपा है उसके बाद मुख्य सचिव उषा शर्मा जी को भी ज्ञापन सौंपा है। मांगो का परीक्षण करवाकर जल्द निस्तारण करने का आश्वासन मिला है। हमने स्पष्ट बता दिया है 1 अक्टूबर तक मांगें नहीं मानी तो 2 अक्टूबर को गुजरात में लड़ाई लड़ेंगे।"