Rajasthan Weather : राजस्थान के 23 जिलों में बारिश की संभावना; मौसम विभाग ने जारी किया येलो अलर्ट

Rajasthan Monsoon: राजस्थान से मानसूर की अभी विदाई नहीं हुई है। जयपुर मौसम विभाग (Meteorological Department) ने आज 23 जिलों के लिए बारिश का पूर्वानुमान जारी किया है। कोटा, उदयपुर, भरतपुर और जयपुर संभाग में भारी बारिश की संभावना है। जयपुर मौसम विज्ञान कार्यालय के अनुसार आज से राज्य में एक और मानसून सत्र की शुरुआत हो जाएगी।

जयपुर मौसम विज्ञान (Meteorological Department) कार्यालय के अनुसार 7 से 10 अक्टूबर तक भारी बारिश की संभावना है। इस बीच, कोटा, उदयपुर, भरतपुर और जयपुर में हल्की बारिश की संभावना है। कुछ इलाकों में तेज बारिश हो सकती है। इस बीच 8 से 10 अक्टूबर के बीच बीकानेर जिले और जोधपुर संभाग में बारिश की संभावना है। केंद्र के निदेशक राधेश्याम शर्मा ने कहा कि पश्चिमी विक्षोभ के कारण तटीय आंध्र प्रदेश में अभी भी ट्रांसमिशन सिस्टम बना हुआ है। इसके चलते राजस्थान में एक बार फिर मानसून ने पलटी मारी है।

पूर्वी राजस्थान क्षेत्र में आज सुबह से बादल छाए हुए हैं। बादलों ने डेरा जमा लिया है। बारिश की चेतावनी से किसानों की चिंता और बढ़ गई है। बाजरे की फसल की सही ढ़ंग से कटाई भी नहीं हुई है, बारिश रुकने का नाम नहीं ले रही है। ऐसे में इस समय रबी की बुआई में देरी हो सकती है। बारिश ने राज्य के किसानों में चिंता पैदा कर दी है। गौरतलब है कि पिछले साल अक्टूबर के पहले पखवाड़े में बारिश का मौसम शुरू हुआ था। इस समय भी माना जा रहा है कि 15 अक्टूबर तक मानसून पूरी तरह से विदा होगा।

जयपुर मौसम विज्ञान (Meteorological Department) केंद्र के अनुसार एक नया मानसून सिस्टम बन रहा है। एक और चक्रवाती हवाओं का क्षेत्र आंध्र प्रदेश से होते हुए छत्तीसगढ़ और मध्य प्रदेश होते हुए उत्तराखंड की ओर बढ़ रहा है। जो धीरे-धीरे आगे बढ़ रहा है। इसके साथ ही पश्चिमी विक्षोभ का असर आने वाले दिनों में राजस्थान में भी महसूस किया जाएगा, जिसके चलते 7 से 10 अक्टूबर तक राजस्थान के पूर्वी व पश्चिमी इलाकों में हल्के से मध्यम दर्जे की बारिश होगी और इसी बीच कुछ स्थानों पर भारी बारिश भी हो सकती है।