शेखावाटी में होगी राजस्थानी फिल्म ‘केसर कस्तूरी’ की शूटिंग

संवाददाता सुमेर सिंह  राव

उदयपुरवाटी / बुगाला

कोलसिया निवासी राजस्थानी फ़िल्म अभिनेता श्रवण सागर पगड़ी फ़िल्म के बाद केसर कस्तूरी बनाने जा रहे हैं जिसका विधिवत मुहूर्त व पोस्टर लॉन्च बुधवार को जयपुर फोर्ट होटल में हुआ।यह फिल्म राजस्थान के इतिहास और वर्तमान के छुए-अनछुए पहलुओं को समेटने की कोशिश करते हुए एक अच्छी लव स्टोरी को बयां करेगी।फ़िल्म की शूटिंग शेखावाटी अंचल के लोहार्गल, जीणमाता,नवलगढ़,मुकुंदगढ़, सीकर,खेतड़ी,फतेहपुर सहित अनेक स्थानों पर होगी।श्रवण सागर व विप्रा मेहता अभिनीत फिल्म को रू-आर्यन बैनर तले  विकास सिरोही और पीके सोनी बाय नवलगढ़ प्रजेंट कर रहे हैं।फ़िल्म के निर्देशक खुशवेन्द्र सिंह,लेखक प्रमोद सोनी व स्क्रीन प्ले दीपक मेड़तवाल हैं।लॉन्चिंग कार्यक्रम में राजस्थान आर्ट एंड कल्चर डिपार्टमेन्ट के संयुक्त सचिव पंकज ओझा,रवीन्द्र सिंह गुढ़ा व राजस्थान फिल्म विकास संघ के संरक्षक विपिन तिवाड़ी की भी उपस्थिति रही।श्रवण सागर ने बताया कि मुम्बई में काफी निर्माताओं को फ़िल्म केसर कस्तूरी की कहानी पसंद आई और कुछ ऐसी ही सोच निर्माताओं के दिमाग में थी।इसलिए इसी को पर्दे पर उतारने के लिए चयन किया गया।

केसर राजस्थान के केसरिया शब्द से प्रेरित है जबकि कस्तूरी के पीछे प्रेरणा कस्तूरी मृग रही। राजस्थान में भी कृष्ण मृग हमारी संस्कृति का अभिन्न अंग है।फ़िल्म की कहानी में एक लड़का है जो अपनी नौकरी की तैयारी कर रहा है परन्तु नौकरी नहीं मिलने के कारण वह हताश हो जाता है। अपनी निराशा दूर करने के लिए यह सोचते हुए घूमने चला जाता है कि क्यों न एक घुमक्कड़ युवा और राजस्थानी संस्कृति को लेकर एक फिल्म बनाई जाए। वैसे भी राजस्थान भारत में पर्यटन के तौर पर दूसरे स्थान पर आता है तो क्यों ना इसे पहले स्थान पर लाया जाए। विदेशी लोग भी यहां आकर फिल्में शूट करते हैं तो हम क्यों ना अपनी संस्कृति को अच्छे तौर तरीके से दिखाएं।बस इसी सोच के साथ कहानी पर सब लोग मिलते गए और कारवां बनता गया।