जयपुर। एसओजी की जांच पड़ताल के बाद ये तो तय हो गया है कि रीट (REET) परीक्षा का पेपर बडे अधिकारियों की सह से लीक हुआ है। एसओजी की जांच के बाद माध्यमिक शिक्षा बोर्ड के अध्यक्ष डीपी जारौली को बर्खास्त कर दिया गया है। इस मामले पर आज प्रदेश के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत (Ashok Gehlot) ने एक ट्विटर पर एक पत्र जारी किया है। इस पत्र में लिखा है—
"देशभर में भर्ती परीक्षाओं में पेपर लीक, नकल एवं ठगी की खबरें आती रहती हैं। कई बार तो इसकी सूचना भी समय पर नहीं मिलती जिसके कारण समय रहते कार्रवाई नहीं होती। परन्तु रीट परीक्षा के विषय में जब से सूचना मिली तब से SOG ने पूरी गंभीरता से जांच की है। राज्य सरकार ने SOG को जांच के लिए फ्री हैंड दिया है। जिन लोगों की संलिप्तता पाई गई है उन्हें गिरफ्तार कर सख्ती से पूछताछ की जा रही है। पूछताछ में सामने आई जानकारी के आधार पर लगातार कार्रवाई की जा रही है। गड़बड़ी कोताही एवं कर्तव्य में लापरवाही करने वाले सरकारी कार्मिकों को तत्काल निलंबित कर बर्खास्त करने तक की कार्रवाई करेगी। परीक्षा का आयोजन करने वाले बोर्ड की जिम्मेदारी तय करते हुए चेयरमेन को बर्खास्त एवं सचिव को निलंबित किया गया है। राज्य सरकार परीक्षा में गड़बड़ी, कोताही एवं कर्तव्य में लापरवाही करने वाले हर व्यक्ति पर कड़ी से कड़ी कार्रवाई करेगी। परीक्षा में शामिल किसी भी अभ्यर्थी के साथ अन्याय नहीं होने दिया जाएगा।
परन्तु यह दुख की बात है कि कुछ लोग राजनीतिक रोटिया सेकने के लिए ऐसा माहौल बना रहे है जिससे कोई आगामी भर्ती परीक्षा ना हो सके। ये लोग लाखों अभ्यर्थियों के भविष्य से खिलवाड़ कर रहे हैं। जैसा कि हम सब जानते हैं कि कई राज्यों में ऐसे गैंग बन गए हैं जो संगठित तरीके से पेपर लीक, नकल, ठगी में शामिल हैं जो सभी के लिए चिंता का विषय है। इनकी जांच कर तह तक जाना जरूरी है। राज्य सरकार बजट सत्र में नकल, पेपर लीक आदि के संबंध में कठोर प्रावधानों का बिल लेकर आ रही है। हम युवाओं के हितों के लिए पूरी तरह समर्पित हैं। भविष्य में भर्ती परीक्षाएं निर्विघ्न तरीके से संपन्न हो इसके सुझाव देने हेतु रिटायर्ड हाईकोर्ट जज की अध्यक्षता में उच्च स्तरीय समिति बनाई जा रही है।"