गति पकड रहा कायाकल्प अभियान, कार्यालयों में मिशन मोड पर चल रहे सफाई और रखरखाव कार्य
कोटा 7 फरवरी। कोटा में सभी राजकीय कार्यालयों को पूर्ण स्वच्छ, व्यवस्थित एवं आकर्षक बनाने के उद्देश्य से शुरू किए गए मिशन कायाकल्प के अन्तर्गत गतिविधियां जोर पकड रही हैं। कार्यालयों में स्वयं अधिकारी-कर्मचारी सफाई और रखरखाव में जुुुटे हैं। उल्लेखनीय है कि जिला कलक्टर डॉ रविन्द्र गोस्वामी ने ने उक्त अभियान में सम्पूर्ण स्वच्छता और रखरखाव का लक्ष्य दिया है। इसके लिए फरवरी मध्य से निरीक्षण शुरू कराए जाएंगे। मापदंडों पर खरे उतरने वाले सर्वश्रेष्ठ तीन कार्यालयों को पुरस्कृत किया जाएगा।
मिशन कायाकल्प अन्तर्गत कार्यालयों में व्यापक सफाई कार्य कराया जा रहा है। अधिकारी-कर्मचारी मिलकर स्वच्छता के लिए जुटे हैं। कबाड एवं अनुपयोगी सामान का निस्तारण किया जा रहा है। झाडू-पोछा एवं धुलाई करके कार्यालयों को चमकाया जा रहा है। गार्डन, छत सहित समूचे परिसर की स्वच्छता की जा रही है। बुधवार को विभिन्न कार्यालयों में सफाई के कार्य किए गए। चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग, शिक्षा विभाग, सूचना एवं जनसम्पर्क विभाग, एससीडीसी, महिला अधिकारिता, पशुपालन विभाग सहित विभिन्न कार्यालयों में स्वच्छता कार्य किया गया।