Republic Day 2023 : गणतंत्र दिवस पर कैसा रहेगा मौसम का हाल ! जान लें बारिश और ठंड का अपडेट

New Delhi: गणतंत्र दिवस पर दिल्ली और आसपास के शहरों में बारिश हो सकती है। मौसम विभाग के अनुमान के मुताबिक, 25-26 जनवरी को दिल्ली और एनसीआर में बारिश की संभावना है। मौसम विभाग के मुताबिक, पश्चिमी विक्षोभ के चलते दिल्ली और आसपास के शहरों में बारिश हो सकती है. इसके संकेत मंगलवार को ही मिलने शुरू हो गए थे। आज फिर दिल्ली-एनसीआर के ऊपर आसमान में दिन भर बादल छाए रहे।
 

मौसम विभाग के मुताबिक 23 जनवरी से शुरू हुए पश्चिमी विक्षोभ के कारण 25 और 26 जनवरी को पहाड़ी इलाकों में बर्फबारी की संभावना है। वहीं, दिल्ली एनसीआर में बारिश हो सकती है। ऐसे में प्रदर्शनी देखने आने वालों और काम करने के तरीके को लेकर परेशानी हो सकती है. अगर आप भी 26 जनवरी को कर्तव्य पथ पर परेड देखने की प्लानिंग कर रहे हैं तो अपने साथ रेन-कोट या छाता ले जाना न भूलें।

केंद्र सरकार से मिले आंकड़ों के अनुसार इस बार परेड देखने के लिए 50 से 60 हजार लोगों के कर्तव्य पथ पहुंचने की संभावना है, जिसके लिए तैयारियां पूरी कर ली गई हैं और उतने लोगों के सीटिंग का अरेंजमेंट भी किया जा चुका है. इस बार लोगों के परेड देखने मे खलल पड़ सकता है और इसकी वजह बारिश है.

दिल्ली के सफदरजंग में मंगलवार सुबह न्यूनतम तापमान 12.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से पांच डिग्री अधिक और इस महीने का अब तक का सबसे अधिक तापमान है। मौसम विज्ञान सेवा के अनुसार, मंगलवार को दिल्ली में अधिकतम तापमान 24 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है। आईएमडी के आंकड़ों के मुताबिक, शहर में सोमवार को अधिकतम तापमान 25.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो पिछले चार साल में इस महीने का सबसे ज्यादा तापमान है।

मौसम विभाग के अधिकारियों ने बताया कि रात में आंशिक रूप से बादल छाए रहने से ठंड में कमी आई है। उन्होंने कहा कि बादल दिन में गर्मी को रोके रखते हैं, जिससे रात का तापमान सामान्य से अधिक बना रहता है। हालाँकि, वे सूर्य के प्रकाश को पृथ्वी तक पहुँचने से भी रोकते हैं, जिससे दिन के तापमान में कमी आती है। आईएमडी ने कहा कि उत्तर पश्चिमी भारत को प्रभावित करने वाले एक भारी पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव में दिल्ली में मंगलवार से गुरुवार तक बारिश होने की संभावना है।