वरिष्ठजन मतदाता जागरूकता संवाद कार्यक्रम आयोजित

कोटा 20 अक्टूबर। सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग द्वारा शुक्रवार को वरिष्ठजन मतदाता जागरूकता संवाद कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में महिला एवं बाल विकास विभाग के उप निदेशक राजेश डागा ने कहा की वरिष्ठजन अपने अनुभव के आधार पर मतदान की महत्ता नव मतदाताओं को समझाएं और उन्हें मतदान के लिए प्रेरित करें। वरिष्ठजन स्वयं सबसे पहले मतदान केन्द्र पहुंच कर मतदान करें और समाज व युवाओं के बीच एक उदाहरण प्रस्तुत करें।


संयुक्त निदेशक ओम प्रकाश तोषनीवाल ने भारत निर्वाचन आयोग द्वारा 80 वर्ष से अधिक आयु के वरिष्ठजनों को घर से मतदान करने की सुविधा उपलब्ध करने के साथ-साथ विभिन्न प्रकार के मोबाईल एप जैसे-सीविजिल, वोटर हेल्पलाईन, केवाईसी, सक्षम एप आदि की जानकारी दी। सामाजिक सुरक्षा अधिकारी, लल्लू प्रसाद महावर ने पांच वर्ष में आने वाले लोकतंत्र के उत्सव में वरिष्ठजन की सहभागिता पर बल दिया।

वृद्धाश्रम के संचालक लाल चंद ने बताया कि वृद्धाश्रम के सभी 50 वृद्धजनों का मतदाता सूची में नाम दर्ज है एवं ये सभी 25 नवम्बर को मतदान भी करेंगे। कार्यक्रम में 88 वर्ष से अधिक आयु के वरिष्ठजन श्रवण लाल, भैरूलाल, राधाकृष्ण, सूरज बाई, राममूर्ति बाई एवं रंजना बाई ने घर से मतदान करने की बजाय मतदान केन्द्र पर जाकर मतदान करने की बात कही। उन्होंने कहा कि मतदान केन्द्र पर जाने से लोकतंत्र के इस उत्सव में आने वाले सभी मतदाताओं से भी रूबरू होने का अवसर प्राप्त होता है।