शक्ति वंदन स्वयं सहायता समूह सखी सम्मान समारोह

कोटा 20 फरवरी। ब्लॉक लाडपुरा में स्वयं सहायता समूहों का सखी सम्मान समारोह लाडपुरा विधायक कल्पना देवी की उपस्थिति में राज्य कृषि प्रबंधन संस्थान नयापुरा में आयोजित किया गया। इस अवसर पर लाडपुरा विधायक ने महिलाओं के द्वारा किये जा रहे नवाचार एवं राजीविका द्वारा संचालित रोजगार परख गतिविधियों की प्रशंसा की।

स्वयं सहायता समूह द्वारा बनाये जा रहे उत्पादो के लिए मार्केटिंग एवं विक्रय के लिए मंच उपलब्ध करवाने के लिए आश्वस्त किया। इस अवसर पर जिला परिषद सदस्य योगेन्द्र नन्दवाना, मुकेश वर्मा ने केन्द्र सरकार द्वारा चलायी जा रही योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ लेने का आह्वान भी किया एवं अधिकाधिक गरीब महिलाओं को स्वयं सहायता समूह में जोडने की बात कही।

स्वीप नोडल प्रभारी एवं मुख्य कार्यकारी अधिकारी जिला परिषद ममता तिवाडी ने महिलाओं को और अधिक सशक्त होने की बात कही एवं महिलाओं को ज्यादा से ज्यादा रोजगार से जुड़कर आत्मनिर्भर बनाने की बात कही, साथ ही मतदाता जागरूकता अभियान के तहत वोटरहेल्प लाईन एप के माध्यम से मतदाता सूची में अपना नाम जोडो अभियान की जानकारी भी सभी उपस्थित महिलाओं को दी तथा इस एप के माध्यम से अपना नाम मतदान केन्द्र एवं अन्य संशोधन सम्बन्धित जानकारी ग्रामीण समुदाय को अधिकाधिक दी जाए तथा लोकसभा आम चुनाव 2024 में महिला मतदान प्रतिशत को बढ़ाने का आह्वान किया।
 
जिला परियोजना प्रबंधक राजीविका नेहा चतुर्वेदी ने राजीविका परियोजना के माध्यम से संचालित की जा रही गतिविधियों की जानकारी दी एवं महिलाओं द्वारा बनाये जा रहे उत्पादों के बारे में बताया। इस अवसर पर महिलाओं को महिला समूह द्वारा तैयार किए गये उत्पादों का उपहार बेग भी प्रदान किया गया।

इस अवसर पर पंचायत समिति सदस्य दीपिका, अनुसुईया सहित सत्येन्द्र मीणा, अतिरिक्त विकास अधिकारी पंचायत समिति लाडपुरा, जिला उद्योग केन्द्र के प्रतिनिधि एवं एलआरपी, एआरपी स्वयं सहायता समूहों की महिलाएं उपस्थित रहीं।