संसदीय क्षेत्र में दिवाली मनाएंगे स्पीकर ओम बिरला, आठ दिवसीय प्रवास पर 2 नवंबर को कोटा पहुंचेंगे लोकसभा अध्यक्ष

संवाददाता शिवकुमार शर्मा
कोटा |

आठ दिवसीय प्रवास पर 2 नवंबर को कोटा पहुंचेंगे लोकसभा अध्यक्ष
लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला दीपावली का त्यौहार संसदीय क्षेत्र कोटा-बूंदी के लोगों के साथ मनाएंगे। स्पीकर बिरला संसदीय क्षेत्र के 8 दिवसीय प्रवास पर 2 नवंबर को कोटा पहुंचेंगे। लोकसभा कैंप कार्यालय से प्राप्त जानकारी के अनुसार स्पीकर बिरला 2 नवंबर को तड़के 3.40 बजे इंटरसिटी एक्सप्रेस से कोटा पहुंचेंगे। उसी दिन सुबह कैंप कार्यालय में आमजन से भेंट के बाद वे दोपहर 12 बजे बूंदी जिले के करवर क्षेत्र में प्रबुद्धजन दीपावली स्नेह मिलन समारोह में भाग लेंगे। वे पंचायत समिति नैनवां के तहत कई ग्राम पंचायतों के विकास कार्यों का शिलान्यास व लोकार्पण करेंगे।
लोकसभा अध्यक्ष बिरला 3 नवंबर से 6 नवंबर तक कोटा में विभिन्न कार्यक्रमों में भाग लेंगे। इस दौरान वे आमजन से भी मिलेंगे तथा विभिन्न स्थानों पर जाकर दिवाली की राम-श्यामी भी करेंगे।
स्पीकर बिरला 7 नवंबर को प्रातः तलवंडी सेक्टर 4 विकास समिति की ओर से आयोजित अन्नकूट महोत्सव में सम्मिलित होंगे। उसी दिन रामगंजमंडी में प्रबुद्धजन दीपावली स्नेह मिलन समारोह में भी शिरकत करेंगे। वे 8 नवंबर को कैथून क्षेत्र तथा 9 नवंबर को तालेड़ा क्षेत्र के प्रबुद्धजन दीपावली स्नेह मिलन समारोह में भी भाग लेंगे। उसी दिन रात को वे मेवाड़ा एक्सप्रेस से नई दिल्ली के रवाना हो जाएंगे।