Kota : लाडपुरा विधानसभा में खेल महोत्सव का आगाज

ब्यूरो चीफ़ शिवकुमार शर्मा

कोटा राजस्थान

 खेल महोत्सव से निखरेंगी ग्रामीण खेल प्रतिभाएं  

कोटा 4जून। लोक सभा अध्यक्ष ओम बिरला की प्रेरणा से संसदीय क्षेत्र कोटा-बूंदी में आयोजित किए जा रहे खेल महोत्सव के अन्तर्गत रविवार को लाडपुरा विधानसभा में खेल स्पर्धाओं का आगाज हुआ। पहले चरण में ग्राम पंचायत स्तर पर खेली जा रही प्रतियोगिता के तहत कुल 13 पंचायतों की टीमों के बीच मुकाबले खेले गए। विधायक कल्पना देवी ने खेल महोत्सव का आगाज किया। इस दौरान उन्होंने क्रिकेट में  हाथ आजमाया और युवा खेल प्रतिभाओं का उत्साहवर्धन किया। उन्होंने कहा कि खेल हमारे जीवन का एक महत्वपूर्ण हिस्सा है, हमारी नई पीढ़ी में खेलों को लेकर रूचि बढ़े, इसके लिए हमें सकारात्मकप्रयास करने होंगे। गांवों में कई खेल प्रतिभाएं हैं, जिन्हें तराशने की जरूरत हैं। स्पीकर बिरला की पहल पर आयोजित हो रहे खेल महोत्सव से युवाओं में छिपी प्रतिभा को निखार मिलेगा साथ ही उन्हें बड़े मंच पर खेलने का अवसर भी मिलेगा। विधायक ने कहा कि यह हर्ष की बात है कि खेल महोत्सव में कबड्डी और रस्साकसी जैसे हमारे परम्परागत खेलों को भी शामिल किया गया है।    

*फाइनल में घघटाना की 16 रनों से जीत*
मानसगांव में हुए क्रिकेट मुकाबलों में पंचायत की 4 टीमें आपस में भिड़ीं। फाइनल मुकाबला मानसगांव व घघटाना के बीच खेला गया। पहले बल्लेबाजी करते हुए घघटाना की टीम ने निर्धारित ओवरों में 92 रनों का स्कोर खड़ा किया। टीम के लिए श्यामकरण ने 38 व राकेश ने 28 रनों की पारी खेली। 93 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी मानसगांव की टीम को घघटाना ने 77 रनों पर रोककर 16 रनों से जीत दर्ज की। आलनिया पंचायत का फाइनल कुरैशी क्लब व जेडीआर क्लब के मध्य खेला गया, जिसे जेडीआर क्लब ने अपने नाम किया। लाडपुरा में अन्य शेष पंचायतों के मुकाबले सोमवार को भी खेले जाएंगे।    
  
*एकतरफा मुकाबले में जीता जाखड़ोद*
सुल्तानपुर क्षेत्र की किशोरपुरा पंचायत के लिए क्रिकेट का फाइनल मुकाबला किशोरपुरा और जाखड़ोद के मध्य खेला गया। पहले बल्लेबाजी करते हुए जाखड़ोद की टीम ने 10 ओवर में 123 रनों का विशार स्कोर बनाया। टीम के लिए बल्लेबाज विक्की ने 63 व लखन मे 39 रनों की ताबड़तोड़ पारियां खेली।  लक्ष्य का पीछा करने उतरी किशोरपुरा टीम के निरन्तर अंतराल में विकेट गिरते रहे। बड़ी साझेदारी के अभाव में टीम निर्धारित ओवरों में 88 रन ही बना सकी। किशोरपुरा पर 35 रनों की जीत के साथ जाखड़ोद की टीम ने अगले चरण में प्रवेश कर लिया। पीपल्दा विधानसभा क्षेत्र में सोमवार को गैंता व गणेशगंज पंचायत में मुकाबले खेले जाएंगे।