New Delhi: शेयर बाजार ने आज एक बार फिर नई ऊंचाई हासिल की है। गुरुवार को लगातार तीसरे कारोबारी सत्र में तेजी जारी रखते हुए सेंसेक्स रिकॉर्ड ऊंचाई पर पहुंच गया। बीएसई का 30 शेयरों वाला सेंसेक्स 62,272.68 अंक के सर्वकालिक उच्च स्तर पर पहुंच गया। जानकारों के अनुसार अमेरिकी केंद्रीय बैंक फेडरल रिजर्व की बैठक के ब्यौरे में ब्याज दरों में वृद्धि के नरम रुख से निवेशकों की धारणा को समर्थन मिला जिससे वैश्विक और स्थानीय बाजार में तेजी आई।
बीएसई का 30 शेयरों वाला सेंसेक्स 762.10 अंक या 1.24% बढ़कर 62,272.68 अंक की रिकॉर्ड ऊंचाई पर बंद हुआ। कारोबार के दौरान किसी समय यह 62,412.33 के उच्च स्तर पर पहुंच गया। इससे पहले भी सेंसेक्स ने 2 बार लगातार अपना उच्च स्तर छुआ था। नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी भी 216.85 अंक यानी 1.19% की बढ़त के साथ 18,484.10 अंक पर बंद हुआ। कारोबार के दौरान यह 52 सप्ताह के उच्च स्तर 18,529.70 पर पहुंच गया।
जियोजित फाइनेंशियल सर्विसेज के मुख्य निवेश रणनीतिकार वीके विजयकुमार ने कहा, "सेंसेक्स दो कारकों के कारण अपने सर्वकालिक उच्च स्तर पर पहुंच गया। अमेरिकी बाजार में एक रैली, बॉन्ड में कटौती और कमजोर डॉलर विनिमय दर ने बाजार की धारणा को बढ़ावा दिया। उन्होंने कहा:" दूसरा, भारत में वृहत आर्थिक ऋण वृद्धि और पूंजीगत व्यय में लगातार वृद्धि के मजबूत आर्थिक संकेतों से भी बाजार को मजबूती मिली। कच्चे तेल की कीमतों में गिरावट से भी बाजार को समर्थन मिला।’
सेंसेक्स के शेयरों में एचसीएल टेक्नोलॉजीज, इंफोसिस, विप्रो, पावर ग्रिड, टेक महिंद्रा, टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज, हिंदुस्तान यूनिलीवर, एचडीएफसी, एचडीएफसी बैंक और महिंद्रा एंड महिंद्रा बढ़त हासिल करने वालों में से थे। इसके विपरीत बजाज फिनसर्व, टाटा स्टील, बजाज फाइनेंस और कोटक महिंद्रा बैंक के शेयर गिरे।
अन्य एशियाई बाजारों में दक्षिण कोरिया के कोस्पी, जापान के निक्केई और हांगकांग के हैंगसेंग में तेजी रही जबकि चीन के शंघाई कंपोजिट में गिरावट दर्ज की गई। दोपहर के कारोबार में यूरोपीय शेयरों में तेजी रही। यूएस वॉल स्ट्रीट के बाजारों में बुधवार को तेजी रही। इस बीच, अंतरराष्ट्रीय बेंचमार्क ब्रेंट क्रूड 0.46% गिरकर 85.02 डॉलर प्रति बैरल पर आ गया। शेयर बाजार के आंकड़ों के मुताबिक विदेशी संस्थागत निवेशकों (एफआईआई) ने बुधवार को 789.86 करोड़ रुपये के शेयर बेचे।