उपखण्ड स्तरीय जनसुनवाई का हुआ आयोजन, लोगों की समस्याओं का हुआ समाधान
-पेयजल एवं साफ सफाई की समस्याओं का त्वरित निस्तारण करें विभाग के अधिकारी- जिला कलेक्टर
डीग, जिले में त्रिस्तरीय जनसुनवाई कार्यक्रम के दौरान मार्च माह के द्वितीय गुरूवार को पंचायत समिति सभागार में उपखण्ड स्तरीय जनसुनवाई का आयोजन हुआ जिसमें लोगों की समस्याएं सुनी गई एवं उनका समाधान भी किया गया।जिलाकलेक्टर श्रीमती श्रुति भारद्वाज ने डीग में आयोजित उपखण्ड स्तरीय जनसुनवाई के दौरान ग्रामीणों की धैर्य के साथ परिवेदनाएं सुनी एवं उनके समाधान का विश्वास दिलाया।
उन्होने विशेष रूप से जनसुनवाई में प्राप्त पेयजल एवं साफ सफाई की समस्याओं के सम्बंध में मौके पर ही विभागीय अधिकारियों को निर्देश दिये कि वे इनमें त्वरित निस्तारण कर लोगों को समय पर पीने का पानी उपलब्ध कराए एवं जिले में साफ सफाई सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि प्रशासन के अधिकारी जन समस्याओं को सर्वोच्च प्राथमिकता दें और उनका त्वरित निस्तारण सुनिश्चित करें।जिला कलेक्टर ने आमजन से क्षेत्र की।पेयजल, विद्युत, चिकित्सा एवं स्वास्थ्य, शिक्षा, आंगनवाड़ी सेवा केन्द्र, एवं अन्य विभागीय गतिविधियों के संचालन का फीडबैक भी लिया एवं इसके साथ ही जल जीवन मिशन के कार्याे के बारे में विस्तार से चर्चा की एवं इसमें होने वाले घर-घर जल कनेक्शन के बारे में भी लोगों को अवगत कराया।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिये कि वे जनसुनवाई के दौरान लोगों द्वारा प्रस्तुत की जाने वाली समस्याओं को गंभीरता से ले एवं उसका समाधान तत्परता से करें ताकि जनसुनवाई के प्रति लोगों का विश्वास ओर अधिक बढ़े। जनसुनवाई के दौरान जिला कलक्टर ने पीएम किसान सम्मान निधि योजना, चंबल सप्लाई, खाद्य सुरक्षा, साफ सफाई एवं अतिक्रमण सहित विभिन्न जनसमस्यों की सुनवाई करते हुए सम्बंधित विभागों को शीघ्र राहत प्रदान करने के निर्देश दिये। इस दौरान जनसुनवाई में कुल 20 प्रकरण प्राप्त हुए।जनसुनवाई के दौरान उपखण्ड अधिकारी डीग रवि गोयल, तहसीलदार डीग जुगीता मीना, विकास अधिकारी आरती गुप्ता, उपनिदेशक पशुपालन विभाग भावना यादव,सीडीपीओ आशा गुर्जर सहित जिला एवं उपखण्ड स्तरीय अधिकारी एवं बडी संख्या में आमजन मौजूद रहे।