तालिबान ने बढ़ाया दोस्ती का हाथ, कहा भारत के अच्छे संबंध चाहते हैं

जयपुर। अफगानिस्तान पर कब्जा करने के बाद तालिबान नेताओं के भारत से दोस्ती करने के बयान सामने आ रहे हैं। तालिबान नेता शेर मोहम्मद अब्बास स्टेनकजई ने कहा है कि समूह भारत के साथ अफगानिस्तान के राजनीतिक, आर्थिक और सांस्कृतिक संबंधों को जारी रखना चाहता है। काबुल पर कब्जा करने के ​बाद तालीबान के शीर्ष नेता का यह पहली बार बयान आया है।

तालिबान के नेता मोहम्मद अब्बास स्टेनकजई ने सोशल मीडिया पर वीडियो जारी किया जिसमें मोहम्मद अब्बास भारत, पाकिस्तान, चीन और रूस सहित क्षेत्र के प्रमुख देशों के साथ संबंधों पर तालिबान के विचारों के बारे में भी बात कह रहा है। साथ ही इस वीडियो में तालीबान के नेता ने अफगानिस्तान में युद्ध की समाप्ति और तालिबान की शरिया पर आधारित इस्लामी प्रशासन बनाने की योजना पर विस्तार से बात की। मोहम्मद अब्बास स्टेनकजई ने कहा कि भारत इस उपमहाद्वीप के लिए बहुत महत्वपूर्ण है। हम पहले की तरह भारत के साथ अपने सांस्कृतिक, आर्थिक और व्यापारिक संबंधों को जारी रखना चाहते हैं।

पहले भी दे चुके हैं बयान

बता दें कि इससे पहले 15 अगस्त को अशरफ गनी सरकार के पतन के बाद तालिबान ने काबुल में सत्ता को अपने हाथ ले लिया था। और तालीबानी समूह के प्रवक्ता सुहैल शाहीन और जबीउल्लाह मुजाहिद ने भारत और पाकिस्तान के संबधों को लेकर भी बयान दिया। उन्होंने कहा कि भारत और पाकिस्तान अपने मुद्दों को बैठकर बात करके सुलझाये। भारत पाक कश्मीर मसले को भी बैठकर हल करे। उन्होंने कहा कि थी दिल्ली सरकार को कश्मीर मुद्दे पर थोडी नरमाई बरतनी चाहिए।