क्षेत्र का विकास कराकर जनता को राहत देना प्रथम उद्देश्य- बेढम
-राज्य मंत्री ने सुनी आमजन की परिवेदनाएं
डीग, गृह, गोपालन, पशुपालन एवं डेयरी तथा मत्स्य विभाग राज्य मंत्री श्री जवाहर सिंह बेढम सोमवार को अपने निर्वाचन क्षेत्र के दौरे पर रहे । राज्य मंत्री श्री बेढम ने जनसुनवाई कर आम नागरिकों के अभाव अभियोग सुने तथा संबंधित विभागों के अधिकारियों से फीडबैक लेकर मौके पर समस्याओं का निराकरण कराया। पात्र व्यक्तियों द्वारा व्यक्तिगत लाभ की योजनाओं, आम रास्ते से पानी निकासी, पेयजल, बिजली, खाद्य आपूर्ति संबंधी समस्या बताई गई जिनके बारे में संबंधित विभागों को तत्वरित कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए हैं।
राज्य मंत्री ने सभी अधिकारियों को केंद्र सरकार की लोककल्याणकारी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने की बात कही। साथ ही सभी अधिकारियों से लक्ष्यानुरुप प्रगति सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए । जनसुनवाई के दौरान उन्होंने सभी सम्बन्धित जिला स्तरीय अधिकारियों को समय समय पर अपने विभाग द्वारा किए जा रहे कार्यों का अवलोकन करने के निर्देश दिए साथ ही पात्र व्यक्तियों द्वारा किए गए शिकायतों का नियत समय में निस्तारण करने को कहा । राज्य मंत्री ने बताया कि जनसुनवाई के दौरान संबंधित अधिकारियों से चर्चा करके काफी प्रकरणों में पात्र व्यक्तियों को मौके पर राहत पहुंचाई गई। वहीं कुछ प्रकरणों में संबंधित अधिकारियों को जांच के निर्देश दिए गए हैं।
साथ ही 15 दिन के भीतर एक ओर फॉलो अप कैंप लगाया जाएगा एवं परिवादियों को उनके प्रकरणों में की गई कार्रवाई के बारे में अवगत कराया जाएगा। राज्य मंत्री ने सभी को आश्वासन दिया कि प्रत्येक नागरिकों के समस्याओं का समाधान किया जाएगा। उन्होंने बताया कि राजस्थान सरकार संकल्पबद्धता और प्रतिबद्धता के साथ आम लोगों के लिए विकास की रूपरेखा तैयार कर रही है ताकि अंतिम पंक्ति में बैठे व्यक्ति को केंद्र एवं राज्य सरकार की योजनाओं से लाभान्वित किया जा सके। इसके साथ ही उन्होंने आमजनों से भी अपील कि की वे प्रशासन का पूरा सहयोग करें और यदि कोई गलत कार्य करता है तो तुरंत इसकी सूचना दें और सभी को सद्मार्ग पर चलने के लिए प्रेरित करें।
इससे पूर्व मंत्री जी ने अपने कार्यालय का विधिवत पूजा अर्चना करते हुए लोकार्पण किया । अतिरिक्त जिला कलेक्टर रणजीत सिंह ने बताया कि सभी आमजनों द्वारा बताई गई समस्या को संपर्क पोर्टल पर दर्ज कर लिया गया है और इसका मैसेज भी सभी तक पहुंच चुका है। उन्होंने बताया कि वह बताई गई समस्याओं को संजीदगी और संवेदनशीलता से लेते हुए पात्र व्यक्तियों की परेशानियों का समाधान करवाएंगे। इस दौरान उन्होंने सभी को आश्वासन दिया की सभी की फरियाद सुनी जाएगी और प्रशासन द्वारा तत्वरित करवाई करते हुए आमजन को राहत पहुंचाने का कार्य किया जाएगा । इस अवसर पर अतिरिक्त जिला कलेक्टर डीग रणजीत सिंह, उपखंड अधिकारी नगर विष्णु बंसल, विकास अधिकारी बीएल मीणा, तहसीलदार अक्षय, मुख्य ब्लॉक शिक्षा अधिकारी सियाराम गुर्जर सहित अन्य अधिकारी एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहें।