समाज का हित कर्तव्य निर्वहन में ही निहित है - डॉ गंगाश्याम
डीग अखिल भारतीय राष्ट्रीय शैक्षिक महासंघ राजस्थान (उच्च शिक्षा) की स्थानीय इकाई द्वारा कर्तव्य बोध दिवस का आयोजन मास्टर आदित्येंद्र जी राजकीय महाविद्यालय डीग में किया गया। कार्यक्रम में मुख्य वक्ता महासंघ के प्रांतीय वरिष्ठ उपाध्यक्ष डॉ गंगाश्याम गुर्जर रहे जबकि अध्यक्षता प्राचार्य डॉ केशव शर्मा ने की। विषय प्रवर्तन करते हुए जिला कार्यकारिणी सह सचिव दिलीप सिंह ने महासंघ के कृतित्व और उद्देश्यों की जानकारी देते हुए कहा कि प्रत्येक वर्ष जनवरी माह में महासंघ कर्तव्यबोध दिवस का आयोजन करता है ताकि विद्यार्थी और शिक्षक दोनों ही कर्तव्य बोध कर सकें।
कार्यक्रम में मुख्य वक्ता डॉ गंगाश्याम गुर्जर ने कर्तव्य बोध कराते हुए कहा कि संगठन का ध्येय वाक्य राष्ट्र के हित में शिक्षा, तथा शिक्षा के हित में शिक्षक है। किसी भी राष्ट्र की प्रगति उस देश के नागरिकों के कर्तव्य निर्वहन पर निर्भर करती है।जीवन की गतिशीलता के लिए कर्तव्य आवश्यक हैं।प्राचार्य केशव शर्मा ने इस अवसर पर कहा कि शिक्षा प्रोफेशन नहीं अपितु मिशन है। राष्ट्र के विकास हेतु राष्ट्र भक्ति अनिवार्य है। अधिकार से पूर्व कर्तव्य निर्वहन की भावना आवश्यक है। डॉ सतीश चन्द्र अग्रवाल ने आभार प्रकट किया जबकि कार्यक्रम का संचालन इकाई सचिव दीपक सुमन ने किया। कार्यक्रम में संकाय सदस्य प्रोफेसर डॉ ईशा शर्मा, सीता शर्मा, नेहा शर्मा, सुरेंद्र कुमार, कृष्णा सिन्हा, राजेश मीणा तथा विशाल सिंह आदि उपस्थित रहे।