स्वायत्त शासन मंत्री ने किया विकास कार्यों का दौरा, शहर में जनहित के विकास कार्य अनवरत जारी रहेंगे ।

कोटा 6 जुलाई। (संवाददाता शिवकुमार शर्मा कोटा )  स्वायत्त शासन मंत्री शांति धारीवाल ने कहा कि आमजन से जुडे आधारभूत सुविधाओं के विकास कार्यों में देरी किसी भी सूरत में बर्दास्त नहीं की जायेगी। सभी कार्य निर्धारित समय में गुणवत्ता के साथ किये जायें। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिये कि जनहित के कार्यों का चयन कर अनवरत विकास की गति को बनाये रखें।
स्वायत्त शासन मंत्री सोमवार को शहर में चल रहे विभिन्न विकास कार्यों का निरीक्षण करते समय उपस्थित अधिकारियों से रूबरू हो रहे थे। उन्होंने स्टेशन रोड़ स्थित सुभाष लाईब्रेरी के सौंदर्यीकरण कार्य का निरीक्षण करते समय कहा कि स्टेशन से कोटा आने वाले पर्यटकों को यहां की वास्तुकला का प्रथम परिचय यह भवन ही करायेगा इसका सौन्दर्यकरण पूरी प्लानिंग के साथ करें। उन्होंने लाईब्रेरी के पास स्थित शीतला माता मन्दिर के सौन्दर्यकरण कार्य की प्रगति की भी जानकारी ली तथा ऐतिहासिक व धार्मिक स्वरूप को बरकरार रखते हुए भव्यता के साथ विकसित करने के निर्देश दिये। उन्होंने राजकीय महाविद्यालय भवन के सामने पार्क के विकास कार्य का निरीक्षण कर चारदीवारी के सौंदर्यीकरण कार्य, पार्क विकास कार्य की प्रगति की जानकारी ली। उन्होंने पार्क में आ रही महाराणा प्रताप एवं सुभाष चन्द्र बोस की प्रतिमाओं के पेडस्टल को एकरूपता के साथ विकसित करने, कॉलेज भवन के एक ओर बने आवास के प्रकरण में निवासरत लोगों को नोटिस जारी कर जानकारी ली तथा अवैध निर्माण होने पर कार्यवाही करने के निर्देश दिए। उन्होंने बारां रोड़ पर बन रहे फ्लाईओवर का भी निरीक्षण किया तथा कार्य को गति देने के लिए अतिरिक्त लेबर एवं मशीन बढ़ाने के निर्देश दिए।
स्वायत्त शासन मंत्री ने पशुपालकों के लिए बनाई जा रही देवनारायण आवास योजना का निरीक्षण कर भवनों की गुणवत्ता, ड्रेनेज कार्य एवं सीवरेज कार्य, सामुदायिक भवन, सड़कों व नालियों का निर्माण के बारे में जानकारी लेकर आगामी दो माह में सीवरेज एवं पौधारोपण के कार्य को पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने 130 एमएलडी श्रीनाथपुरम् का निरीक्षण कर कार्य को प्रतिमाह लक्ष्य लेकर दिसम्बर माह तक पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सम्पूर्ण क्षेत्र में निर्बाध पेयजल आपूर्ति के लिए दो माह में क्षतिग्रस्त पेयजल लाइनों को बदलने का कार्य पूरा करे। ऑक्सीजन पार्क एवं विज्ञान नगर क्षेत्र में पेयजल सप्लाई के लिए डाली जाने वाली लाइनों के कार्य को भी गति देने के निर्देश दिए। उन्होंने सकतपुरा पम्प हाउस का भी निरीक्षण कर निर्माणाधीन स्टोरेज टैंक को समय पर पूरा कराने के निर्देश दिए। सकतपुरा राजकीय विद्यालय के पास प्रस्तावित पेयजल टंकी स्थल का निरीक्षण कर उन्होंने इसकी क्षमता 12 लाख से 16 लाख लीटर करने के निर्देश दिए जिससे सम्पूर्ण क्षेत्र में उच्च दाब के साथ पर्याप्त पेयजल सप्लाई हो सके।
आवास का कब्जा नहीं लेने वालों को मिलेगा नोटिस-
स्वायत्त शासन मंत्री ने नगर विकास न्यास की मोहन लाल सुखाड़िया आवासीय योजना का निरीक्षण कर निर्मित आवासों का अवलोकन किया। उन्होंने आवास आवंटन के बावजूद राशि जमा नहीं कराने वाले आवंटियों को अंतिम नोटिस जारी कर आवंटन निरस्त करने की कार्यवाही करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सभी आवास भरे हुए रहें तथा नागरिकों को मूलभूत सुविधाएं निर्बाध रूप से मिलें यह सुनिश्चित किया जाए। अंतिम अवसर के बाद आवास खाली रहने पर पात्रजनों को आवास आंवटन की कार्यवाही करें। उन्होंने चुंगी नाका तिराहे के सौंदर्यकरण कार्य का भी निरीक्षण कर यहां डिवाईडर की उंचाई बढ़ाकर चारों तरफ के अस्थाई अतिक्रमणों को हटाकर आकर्षक डिजाईन के साथ कार्य समय पर पूरा करने के निर्देश दिए।
काला तालाब का होगा विकास-
स्वायत्त शासन मंत्री ने स्टेशन की तरफ स्थित कालातालाब का भी निरीक्षण किया। उन्होंने स्थानीय नागरिकों से चर्चा कर पानी निकासी के लिए बने हुए अवरूद्ध नाले को चालू करने तथा तालाब के चारों ओर रोड़ निर्माण का प्रस्ताव तैयार करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि आसपास बने हुए शमशान व कब्रिस्तान का भी विकास का खाका तैयार कर पार्क एवं रोड़ निर्माण का तकमीना शामिल करें जिससे सम्पूूर्ण क्षेत्र के नागरिकों को स्वच्छ वातावरण मिलने के साथ मूलभूत सुविधाओं की उपलब्धता हो सके। उन्होंने स्थानीय जनप्रतिनिधियों व नागरिकों से रूबरू होकर प्रस्तावित एवं आवश्यक विकास कार्य के बारे में विचार भी जाने। इस अवसर पर महापौर कोटा दक्षिण राजीव अग्रवाल, उपमहापौर पवन मीणा, जिला कलक्टर उज्ज्वल राठौर, नगर विकास न्यास के ओएसडी आरडी मीणा, सचिव राजेश जोशी, मुख्य अभियंता ओपी वर्मा सहित संबंधित अधिकारी व जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।