स्वर्णिम विजय पर्व पर ये था CDS रावत का अंतिम सार्वजनिक संदेश, सेना ने जारी किया वीडियो क्लिप

जयपुर। भारतीय सेना ने रविवार को दिवंगत सीडीएस जनरल बिपिन रावत के उस अंतिम सार्वजनिक मैसेज को जारी किया है जो दिवगंत रावत ने 7 दिसंबर को 1971 के भारत-पाक युद्ध की 50वीं बरसी पर दिया था। सेना ने इस अंतिम सार्वजनिक संदेश के साथ एक छोटा वीडियो क्लिप जारी किया।
8 दिसंबर को एक सैन्य हेलिकॉप्टर दुर्घटना में शहीद हुए रावत ने वीडियो में कहा, "हमें अपनी सेनाओं पर गर्व है, आइए मिलकर जीत का जश्न मनाएं।" इस वीडियो में बिपिन रावत ने 1971 के युद्ध के दौरान अपने प्राणों की आहुति देने वाले वीर जवानों को श्रद्धांजलि दी।
जरनल रावत इस वीडियो में कहते हुए दिख रहे हैं कि "मैं स्वर्णिम विजय पर्व के अवसर पर भारतीय सशस्त्र बलों के सभी बहादुर सैनिकों को हार्दिक बधाई देता हूं। हम 1971 के युद्ध में जीत की 50वीं वर्षगांठ को विजय पर्व के रूप में मना रहे हैं।" स्वर्गीय सीडीएस जनरल बिपिन रावत का पूर्व-रिकॉर्डेड मैसेज 'स्वर्णिम विजय पर्व' के अवसर पर एक कार्यक्रम में चलाया गया था।
दिल्ली में इंडिया गेट लॉन में आज स्वर्णिम विजय पर्व के उद्घाटन अवसर पर इस प्री— रिकॉर्डेड मैसेज को प्ले किया गया था।
याद दिला दें कि भारत के पहले सीडीएस जरनल विपिन रावत सहित 11 अन्य रक्षा अधिकारीयों की तमिलनाडु के कुन्नूर के पास बुधवार को Mi17V5 हेलीकॉप्टर दुर्घटना में मौत हो गई थी। इस दुर्घटना में जीवित बचे एकमात्र कैप्टन वरूण सिंह अपनी जिंदगी की जंग लड रह हैं। कैप्टन वरुण सिंह को आगे के इलाज के लिए बेंगलुरु के वायु सेना कमान अस्पताल में स्थानांतरित कर दिया गया है।

चीफ ऑफ डिफेंस स्टाफ जनरल बिपिन रावत और उनकी पत्नी मधुलिका रावत का शुक्रवार को दिल्ली के बरार स्क्वायर श्मशान घाट में पूरे सैन्य सम्मान के साथ अंतिम संस्कार किया गया। दाह संस्कार उनकी बेटियों कृतिका और तारिणी ने किया। भारत के पहले सीडीएस को रक्षा प्रोटोकॉल के अनुरूप 17 तोपों की सलामी दी गई।