नारी निकेतन की तीन बेटियां बनंेगी दुल्हन, हाथो में सजी मेहंदी
कोटा 16 जनवरी। बचपन से नारी निकेतन की नेह भरी छांव में पली बढीं सुनीता, मीनाक्षी और पूनम के जीवन में अब नए रंग भरेंगे। सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग द्वारा संचालित नारी निकेतन में आवासरत् तीन बेटियों का विवाह 18 जनवरी को होने जा रहा है। संभाग स्तर पर पहली बार होने जा रहे इस विवाह आयोजन की जिला प्रशासन के निर्देशन में तैयारियों को अंतिम रूप दिया जा रहा है। मंगलवार को तीनों बेटियों के हाथों में मंेहदी लगाई गई और हल्दी की रस्म भी की गई।
अधीक्षक नारी निकेतन अंशुल मेहन्दीरत्ता ने बताया कि विवाह आयोजन मोशन कोचिंग संस्थान की ओर से कराया जा रहा है। मेहंदी और हल्दी की रस्म की व्यवस्थाएं एलबीएस गु्रप ऑफ ऐजुकेशन द्वारा की गई। उन्होंने बताया कि आवासिनी मीनाक्षी चार-पाँच वर्ष की आयु में यहां आई और उसका बचपन कोटा की विभिन्न संस्थाओं में ही गुजरा है। मीनाक्षी की बारात सवाईमाधोपुर से आयेगी। दुल्हन मीनाक्षी की पंसद का योग्य वर घी की कम्पनी में कार्यरत है। मूक बधिर पूनम व सुनिता पुलिस को लावारिस अवस्था में कोटा स्टेशन पर घूमती हुयी मिली थी। मूक बधिर होने के कारण दोनों के ही घर का पता नहीं चल पाया। उन्होंने बताया की दोनों बालिकाएं सिलाई, कढाई, बुनाई के कार्य में निपुण है। पूनम का विवाह ग्राम अरनिया निवासी महावीर मेघवाल के साथ होने जा रहा है व सुनिता का विवाह बंजरगपुरा कुन्हाडी निवासी नरेन्द्र सुवालका के साथ होने जा रहा है।
अधीक्षक ने बताया कि नीतिन विजय व स्वाती विजय द्वारा अपने माता पिता सुरेन्द्र विजय व सुशिला विजय की 50 वीं वैवाहिक वर्षगाठ के अवसर पर तीनों बालिकाओं के विवाह करवाने की सम्पूर्ण जिम्मेदारी ली गयी है। मेहंदी और हल्दी के कार्यक्रम में सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग के सयुंक्त निदेशक ओम प्रकाश तोषनीवाल, भगवान सहाय शर्मा, एलबीएस से कुलदीप माथुर, उर्मिला एवं डॉ शिल्पा माथुर, मोशन गु्रप के नितिन, स्वाति, सुरेन्द्र विजय एवं सुशीला विजय भी मौजूद रहे।