शहीद दिवस पर राष्ट्रपिता को दी श्रद्धांजलि

-रघुपति राघव राजा राम वैष्णव जन तो तेने कहिए....भजनों का हुआ गायन


कोटा 30 जनवरी। शहीद दिवस मंगलवार को जिलेभर में मनाया गया। इस अवसर पर राष्ट्रपिता महात्मा गांधी को नमन करते हुए पुष्पांजलि अर्पित की गई। दो मिनट का मौन धारण कर शहीदों को श्रद्धांजलि दी गई। जिला स्तरीय समारोह गांधी उद्यान चंबल गार्डन में आयोजित किया गया। यहां उप महापौर कोटा दक्षिण पवन मीणा, वरिष्ठ गांधीवादी विचारक नरेश विजयवर्गीय, संभागीय आयुक्त डॉ प्रतिभा सिंह, जिला कलक्टर डॉ रविंद्र गोस्वामी, अतिरिक्त कलक्टर शहर बृजमोहन बैरवा एवं जिला प्रशासन के विभिन्न अधिकारियों कर्मचारियों ने राष्ट्रपिता को पुष्पांजलि अर्पित की।
    
गांधी उद्यान में प्रातः 10ः30 बजे कार्यक्रम आरंभ हुआ। संभागीय आयुक्त, जिला कलक्टर एवं अन्य सभी ने महात्मा गांधी की मूर्ति पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की। इस अवसर पर महात्मा गांधी के प्रिय भजन वैष्णव जन तो तेने कहिए....रघुपति राघव राजा राम एवं अन्य भजनों की प्रस्तुति रमेश प्रजापति एवं साथियों द्वारा दी गई। कार्यक्रम में एडीएम सीलिंग दिवांशु शर्मा, नगर निगम आयुक्त अनुराग भार्गव, सरिता अतिरिक्त आयुक्त जवाहरलाल जैन, उपायुक्त महावीर सिंह, दयावती सैनी सहित अन्य अधिकारी कर्मचारी उपस्थित रहे कार्यक्रम का संचालन एनयूएलएम की हेमलता गांधी ने किया।

कलेक्ट्रेट परिसर में अतिरिक्त कलक्टर प्रशासन भगवत सिंह राठौड़ एवं एसीईएम सपना कुमारी की मौजूदगी में अधिकारियों कर्मचारियों ने मौन धारण किया। शहीद दिवस पर जिला, उपखंड एवं ब्लॉक स्तरीय विभिन्न कार्यालयों में मौन धारण कर शहीदों को नमन किया गया।