यूडीएच मंत्री ने दी विकास कार्यों की सौगात - टॉवर ऑफ लिबर्टी, आकर्षक छतरियों, खंडा साहब सहित विभिन्न विकास कार्यों का लोकार्पण

कोटा, 1अक्टूबर। नगरीय विकास एवं स्वायत्त शासन मंत्री श्री शांति धारीवाल ने रविवार को कोटा प्रवास के दौरान विभिन्न विकास कार्यों का लोकार्पण किया।

नगरीय विकास मंत्री लोकार्पण की शुरुआत सरोवर पार्किंग के नजदीक नगर विकास न्यास द्वारा बंशी पहाड़पुर स्टोन से ढाई करोड़ की लागत से निर्मित आकर्षक पांच छतरियों को कोटा की जनता को समर्पित कर की। किशोर सागर तालाब के किनारे सौंदर्य करण की श्रृंखला में शिल्प कला का बेजोड़ नमूना आकर्षक  छतरियां पर्यटकों के आकर्षण का केंद्र बनेगी। उसके बाद वल्लभबाड़ी  क्षेत्र वासियों की एवं सिख समाज की मांग पर विकसित किए गए विशाल जनउपयोगी भवन का मंत्री धारीवाल ने लोकार्पण किया। लोकार्पण के मौके पर गुरुद्वारा समिति एवं क्षेत्र वासियों ने यूडीएच मंत्री शांति धारीवाल और अमित धारीवाल का आभार व्यक्त कर स्वागत किया।

विकास कार्यों की सौगात का सिलसिला लगातार जारी रखते हुए यूडीएच मंत्री शांति धारीवाल ने चौराहों के सौंदर्यकरण की श्रृंखला में पॉलिटेक्निक कॉलेज के नवनिर्मित आकर्षक सर्किल का लोकार्पण किया और कोटा को एक और खूबसूरत चौराहे की सौगात दी। लोकार्पण के मौके पर क्षेत्र के व्यापार संघ के लोगों ने मंत्री धारीवाल का स्वागत किया। इसके बाद कोटा में पेरिस की तर्ज पर विकसित किए गए बेहद खूबसूरत एरोड्रम के टावर ऑफ़ लिबर्टी का यूडीएच मंत्री शांति धारीवाल ने लोकार्पण कर किशोरपुरा ईदगाह परिसर और वल्लभबाड़ी  क्षेत्र में प्राचीन शीतला माता मंदिर परिसर में करवाए गए विकास कार्याें का उद्घाटन किया।

बूंदी रोड पर खंडा साहिब उद्घाटन कार्यक्रम में हुए शामिल

यूडीएच मंत्री शांति धारीवाल ने बूंदी रोड पर सिख समाज के धार्मिक प्रतीक विशाल खंडा साहिब का उद्घाटन कर कार्यक्रम में शामिल हुए। मंत्री शांति धारीवाल के कार्यक्रम स्थल पर पहुंचते ही सिख समाज प्रतिनिधियों ने परंपरागत अंदाज में उनका स्वागत किया और आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम के दौरान आगमगढ़ गुरुद्वारे के संरक्षक बाबा लक्खा सिंह, गुरुद्वारा समिति के पदाधिकारी एवं समाज के बंधुओ ने मंत्री धारीवाल आभार व्यक्त कर शॉल पहनाकर सरोपा भेंट किया।

लोकार्पण के दौरान महापौर मंजू मेहरा, अमित धारीवाल, डॉ जफर मोहम्मद, शिवकांत नंदवाना, राजेंद्र सांखला, नेवालाल गुर्जर, उपमहापौर सोनू कुरैशी ,न्यास ओएसडी आरडी मीणा, मुख्य अभियंता ओपी वर्मा सहित स्थानीय जनप्रतिनिधि,न्यास अधिकारी एवं गणमान्यजन उपस्थित रहे।

पशुपालकों की देश की अनूठी योजना की पुस्तक का विमोचन

यूडीएच मंत्री ने कोटा में निर्मित पशुपालकों की देश की अनूठी देवनारायण एकीकृत आवासीय योजना की पुस्तक का विमोचन किया। इस पुस्तक में योजना की विशेषताओं का सचित्र वर्णन किया गया है। इस अवसर पर ,न्यास ओएसडी आरडी मीणा, उप सचिव मुकेश चौधरी, राजस्व सलाहकार परमानन्द गोयल सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।