यूडीएच मंत्री ने किया ‘‘कामयाब कोटा’’ के पोस्टर का विमोचन
-कोटा के बहुआयामी विकास के लिए जिला प्रशासन का नवाचार
कोटा 17 जनवरी। यूडीएच मंत्री श्री झाबर सिंह खर्रा ने बुधवार को कोटा प्रवास के दौरान कामयाब कोटा अभियान के पोस्टर का विमोचन किया. उन्होंने कहा कि कामयाब कोटा अभियान में सभी संबंधित विभागों की पूरी निष्ठा के साथ सक्रिय भागीदारी रहे जिससे यह अभियान सफल बने।
इस अवसर पर कोटा दक्षिण विधायक संदीप शर्मा, लाडपुरा विधायक कल्पना देवी,जिला कलेक्टर डॉ रविंद्र गोस्वामी एवं अन्य उपस्थित रहे। जिला कलेक्टर ने बताया कि कोटा जिले में शांति, स्वच्छता एवं समृद्धि को बढ़ावा देने के लिए इस अभियान की संकल्पना की गई है। इसके अंतर्गत विभिन्न विभागों के समन्वय से कार्य योजना बनाकर कार्य किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि प्रथम चरण में कोचिंग सेक्टर के उन्नयन , पर्यटन व उद्योग में नए अवसर, स्वच्छता, आमजन की समस्याओं के समयबद्ध निस्तारण तथा मेडिकल क्षेत्र में गुणवत्तापूर्ण सेवा के विकास के लिए विभिन्न विभागों के समन्वय से कार्य किया जाएगा।
स्वायत्त शासन मंत्री का कोटा प्रवास पर भव्य स्वागत
नगरीय विकास एवं स्वायत्त शासन विभाग मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) झाबर सिंह खर्रा का बुधवार को प्रथम प्रवास पर भव्य स्वागत किया गया। सर्किट हाउस पहुंचने पर राज्यमंत्री का कोटा दक्षिण विधायक संदीप शर्मा, लाडपुरा विधायक कल्पना देवी, जिला कलेक्टर डॉ रविन्द्र गोस्वामी, कृष्ण कुमार सोनी एवं अन्य गणमान्य जनों ने स्वागत किया। गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया।
इस अवसर पर अतिरिक्त जिला मजिस्ट्रेट (शहर) बृजमोहन बैरवा सहित जिला प्रशासन के अधिकारी एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।