वंचित नौनिहालों को घर-घर, ढाणी-ढाणी जाकर पिलाई जा रही पोलियो की खुराक
जयपुर द्वितीय। 29 जून। जिले में पल्स पोलियो अभियान का आयोजन किया जा रहा है। गत 28 जून को अभियान के प्रथम दिन जिले में एक लाख 1 लाख 94 हजार 704 नौनिहालों को पोलियो की खुराक पिलाई गई। अब विभाग की ओर से गठित मोबाईल टीमें घर-घर, ढाणी-ढाणी जाकर खुराक से वचिंत नौनिहालों को पोलियो की खुराक पिला रही हैं।
उपमुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी (स्वास्थ्य) डॉ. सुरेन्द्र गोयल ने बताया कि रविवार, 28 जून को अभियान के पहले दिन जिले में 2647 बूथों एवं अन्य स्थलों पर नवजात से 5 वर्ष तक के 1,94,704 बच्चों को ओरल पोलियो वैक्सीन पिलाई गई। इसके बाद विभाग की ओर से गठित मोबाईल टीमों द्वारा घर-घर जाकर खुराक से वचिंत बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाई जा रही है।
आरसीएचओ डॉ. जितेन्द्र गुप्ता ने बताया कि स्वास्थ्यकर्मी ग्रामीण व शहरी क्षेत्रों में घर-घर जाकर वंचित बच्चों को पोलियो की खुराक पिला रहे हैं। अभियान में 14546 वैक्सीनेटर, 816 सुपरवाइजर, 153 ट्रांजिक्ट टीम, 635 मोबाईल टीम सहित कुल 15362 मैनपावर कार्यरत है। साथ ही जिले के नवजात से लेकर 5 वर्ष तक के 04 लाख 26 हजार से अधिक नौनिहालों को पोलियो की खुराक पिलाने का लक्ष्य रखा गया है।