शिवकुमार शर्मा
बूंदी |
जिला कलक्टर आशीष गुप्ता ने निर्देश दिए हैं कि 2 अक्टूबर को महात्मा गांधी जी की जयन्ती जिला स्तर पर एवं ब्लॉक स्तर पर भव्य रूप से राज्य सरकार से प्राप्त गाइडलाइन की पालना करते हुए मनाई जाए। कार्यक्रमों का आयोजन इस तरह किया जाए की अधिकाधिक जन इनसे लाभान्वित हो सकें।
जिला कलेक्टर ने निर्देश दिए कि स्वतंत्रता वर्ष 1947 से आज तक जिले में हुए विभिन्न प्रकार के विकास जैसे, सड़क, बिजली, पानी, तकनीकी विकास, कृषि विकास, औघोगिक विकास, शैक्षणिक विकास, नगरीय विकास, यातायात संबंधी विकास, संचार के क्षेत्र में विकास, चिकित्सा क्षेत्र में विकास इत्यादि की विकास यात्रा के फोटोग्राफ्स तथा आंकड़े संकलित कर भव्य प्रदर्शनी का आयोजन किया जाए। इसी क्रम में गांधी सर्वोदय परीक्षा का आयोजन किया जाना है जिसमें अधिक से अधिक विद्यार्थियों की भागीदारी सुनिश्चित की जाए। जिला मुख्यालय पर महात्मा गांधी प्रकोष्ठ की स्थापना की जाए जिसका शुभारंभ 2 अक्टूबर को करवाया जाना है।
उन्होंने निर्देश दिए कि 11 सितम्बर से 17 सितम्बर तक सत्याग्रह सप्ताह मनाया जा रहा है। इसके अंतर्गत महात्मा गांधी पर आधारित विभिन्न विषयों पर वार्ताएं, पेन्टिंग, निबन्ध लेखन इत्यादि प्रतियोगिताएं कराई जाएंगी। डीओआईटी के माध्यम से गांधी 150 वीं जयन्ती के नाम से टेम्पलेट तैयार करवाकर कार्यक्रमानुसार राइट अप एवं फोटो इस टेम्पलेट में एकत्र करवाये जाएं। यह कार्य 02 अक्टूबर से पूर्व पूर्ण करें। कार्यक्रम के नोडल अधिकारी मुख्य कार्यकारी अधिकारी जिला परिषद मुरलीधर प्रतिहार ने कार्यक्रमों की रूपरेखा के विषय में विस्तार से जानकारी दी एवं संबंधित अधिकारियों को दिशा निर्देश दिए।
सत्य अहिंसा का संदेश मुखर हो- माथुर
बैठक में उपस्थित गांधी जीवन दर्शन समिति के संयोजक राजकुमार माथुर एडवोकेट ने कहा कि सभी कार्यक्रमों का उद्देश्य गांधी जीवन दर्शन को आमजन तक पहुंचाना है। अतः कार्यक्रम इस तरह आयोजित किए जाएं जिससे यह संदेश मुखर हो कि सत्य और अहिंसा के रास्ते चलकर भी शिखर पर पहुंचा जा सकता है। उन्होंने विभिन्न कार्यक्रमों के आयोजन के संबंध में अपने सुझाव रखे।
सर्वोदय परीक्षा के लिए पंजीकरण 30 तक
जिला शिक्षा अधिकारी (मुख्यालय) सतीश जोशी ने बताया कि सर्वोदय परीक्षा में
कक्षा 8 से कॉलेज स्तर तक के विद्यार्थी भाग ले सकेंगे। इसके लिए विद्यार्थियों को अपने संस्था प्रधानों को सूचित कर पंजीकरण कराना होगा।पंजीकरण 30 सितम्बर तक करवाया जा सकेगा।