मतदाता प्रदर्शनी का शुभारम्भ, आज मनाएंगे मतदाता दिवस

कोटा 24 जनवरी। 14वें राष्ट्रीय मतदाता दिवस के उपलक्ष्य में बुधवार को सूचना केंद्र में मतदाता जागरूकता प्रदर्शनी का शुभारंभ किया गया। जिला निर्वाचन अधिकारी डॉ रविंद्र गोस्वामी ने प्रदर्शनी का फीता काटकर उद्घाटन किया। निर्वाचन विभाग, सूचना एवं जनसंपर्क विभाग के तत्वावधान में प्रदर्शनी में लोकतंत्र के उत्सव की विविध झलक फोटो के माध्यम से प्रदर्शित की गई हैं। प्रदर्शनी का समापन गुरुवार 25 जनवरी को राष्ट्रीय मतदाता दिवस समारोह के बाद किया जाएगा।


प्रदर्शनी में मतदान के नजारे, पुराने समय में मतदान की व्यवस्थाओं, भारत निर्वाचन आयोग के नवाचार, डिजिटल इनोवेशन एवं जागरूकता संबंधी विभिन्न जानकारियां प्रदर्शित की गई है। इस अवसर पर उप जिला निर्वाचन अधिकारी भगवत सिंह राठौर, एडीएम सिटी बृजमोहन बैरवा एवं निर्वाचन से जुड़े विभिन्न कार्मिक, विद्यार्थी उपस्थित रहे। मतदाता जागरूकता का संदेश देने के लिए आकर्षक रंगोली भी सजाई गई।

मतदाता दिवस आज-
गुरूवार 25 जनवरी को राष्ट्रीय मतदाता दिवस मनाया जाएगा। उप जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि मतदाता दिवस जिला स्तरीय मुख्य समारोह दोपहर 1 बजे सूचना केन्द्र में आयोजित किया जाएगा। इस अवसर पर 18-19 वर्ष आयु के नए पंजीकृत मतदाताओं को सम्मानित किया जाएगा। उन्होंने बताया कि कार्यक्रम में उपस्थित मतदाताओं व नागरिकों को राष्ट्रीय मतदाता दिवस की शपथ दिलाई जाएगी तथा नए पंजीकृत मतदाताओं को मतदाता पहचान पत्र उपलब्ध कराए जाएंगे। उन्होंने बताया कि नए पंजीकृत मतदाताओं को ‘‘मतदाता होने पर गर्व है मतदान के लिए तैयार है’’ पर आधारित बैज भी वितरित किए जाएंगे।