10 मार्च से शुरू होगी गेहूं की खरीद, 2275 रुपये प्रति क्विंटल रहेगा समर्थन मूल्य

डीग, रबी विपणन वर्ष 2024-25 में समर्थन मूल्य पर गेहूं की खरीद प्रारम्भ होने के संबंध में जिला कलेक्टर श्रीमती श्रुति भारद्वाज की अध्यक्षता में बुधवार को बैठक आयोजित की गई । जिला रसद अधिकारी पवन अग्रवाल ने बताया कि बैठक में समर्थन मूल्य पर गेहूं खरीद की प्रक्रिया को सुचारू बनाये रखने के संबंध में चर्चा की गई एवं जिला कलेक्टर द्वारा खरीद प्रक्रिया से जुड़े सभी विभागों को निर्देश जारी किये गये। खरीद केन्द्रों पर आवश्यक बारदानें की उपलब्धता, छाया-पानी, त्रिपाल, कैमरे व वीडियोग्राफी की व्यवस्था तथा क्रय किये गये गेहूं का समय पर भुगतान सुनिश्चित करने के निर्देश दिये गये।

रबी विपणन वर्ष 2024-25 में समर्थन मूल्य पर गेहूं की खरीद 10 मार्च 2024 से शुरू की जाएगी। इस वर्ष गेहूं का समर्थन मूल्य 2275 रू० प्रति क्विंटल घोषित किया गया है। राज्य सरकार द्वारा किसानों के लिए राजस्थान कृषक समर्थन योजना अन्तर्गत समर्थन मूल्य के ऊपर 125 रु. प्रति क्विंटल बोनस घोषित किया गया है। खाद्य विभाग के पोर्टल पर पंजीकरण करवाकर क्रय एजेन्सी के माध्यम से गेहूं विक्रय करने वाले पंजीकृत किसानों को उनके जनाधार से जुडे बैंक खाते में कुल 2400 रु. प्रति क्विंटल की दर से उनकी उपज का मूल्य प्राप्त होगा । अग्रवाल ने बताया कि समर्थन मूल्य पर गेहूं खरीद का कार्य 10 मार्च 2024 से 30 जून 2024 तक किया जाएगा। डीग जिले में जुरहरा, पहाडी, गोपालगढ़, सीकरी, डीग, कुम्हेर एवं कामां में क्रय केन्द्र स्थापित किये गये है। समर्थन मूल्य पर गेहूं की खरीद ऑनलाईन पंजीकरण के माध्यम से होगी।

इसके लिए राज्य सरकार द्वारा ऑनलाईन पोर्टल विकसित किया गया है जो खाद्य विभाग की वेवसाईट https://food.rajasthan.gov.in पर "गेहूं खरीद हेतु किसान रजिस्ट्रेशन" नाम से उपलब्ध है। समर्थन मूल्य पर गेहूं विक्रय हेतु इच्छुक किसान दिनांक 20.01.2024 से 25.06.2024 तक प्रातः 07 बजे से सायं 07 बजे तक पंजीयन करवा सकेंगे। किसान द्वारा स्वयं अथवा अन्य माध्यम से पोर्टल पर पंजीकरण करवाया जा सकेगा। पंजीकरण के लिए जनाधार अनिवार्य है। पंजीयन से पूर्व पंजीयनकर्ता जिस खाते में भुगतान चाहता है, उस बैंक खाते को जनाधार से जुडवाना सुनिश्चित करें। किसान फसल बेचने के लिए क्रय केन्द्र पर मूल जनाधार कार्ड, पटवारी द्वारा मूल गिरदावरी एवं बैंक पासबुक की प्रति लाना सुनिश्चित करें।

इस अवसर पर भारतीय खाद्य निगम, राजफैड, सहकारिता विभाग, पुलिस विभाग एवं कृषि उपज मण्डी समिति के अधिकारी उपस्थित हुए।