गेहूं की समर्थन मूल्य पर खरीद 10 मार्च से होगी, पंजीयन शुरू

डीग, 29 जनवरी। रबी विपणन वर्ष 2024-25 में समर्थन मूल्य पर गेहूं की खरीद 10 मार्च 2024 से शुरू की जाएगी। इस वर्ष गेहूं का समर्थन मूल्य 2275 रू प्रति क्विंटल घोषित किया गया है। जिला रसद अधिकारी पवन अग्रवाल ने बताया कि राज्य सरकार द्वारा किसानों के लिए राजस्थान कृषक समर्थन योजना के अंतर्गत समर्थन मूल्य के ऊपर 125 रु. प्रति क्विंटल बोनस घोषित किया गया है। खाद्य विभाग के पोर्टल पर पंजीकरण करवाकर क्रय एजेन्सी के माध्यम से गेहूं विक्रय करने वाले पंजीकृत किसानों को उनके जनाधार से जुड़े बैंक खाते में कुल 2400 रु. प्रति क्विंटल की दर से उनकी उपज का मूल्य प्राप्त होगा।

उन्होंने बताया कि समर्थन मूल्य पर गेहूं खरीद का कार्य 10 मार्च 2024 से 30 जून 2024 तक किया जाएगा। डीग जिले में जुरहरा, पहाडी, गोपालगढ, सीकरी, डीग, कुम्हेर एवं कामां में क्रय केन्द्र स्थापित किये गये है। समर्थन मूल्य पर गेहूं की खरीद ऑनलाईन पंजीकरण के माध्यम से होगी। इसके लिए राज्य सरकार द्वारा ऑनलाईन पोर्टल विकसित किया गया है जो खाद्य विभाग की वेवसाईट https://food.rajasthan.gov.in पर "गेहूं खरीद हेतु किसान रजिस्ट्रेशन" नाम से उपलब्ध है। समर्थन मूल्य पर गेहूं विक्रय हेतु इच्छुक किसान दिनांक 20.01.2024 से 25.06.2024 तक प्रातः 07 बजे से सायं 07 बजे तक पंजीयन करवा सकेंगे। किसान द्वारा स्वयं अथवा अन्य माध्यम से पोर्टल पर पंजीकरण करवाया जा सकेगा।

पंजीकरण के लिए जनाधार अनिवार्य है। पंजीयन से पूर्व पंजीयनकर्ता जिस खाते में भुगतान चाहता है, उस बैंक खाते को जनाधार से जुडवाना सुनिश्चित करें। किसान फसल बेचने हेतु क्रय केन्द्र पर मूल जनाधार कार्ड, पटवारी द्वारा मूल गिरदावरी एवं बैंक पासबुक की प्रति लाना सुनिश्चित करें।