युवा करेंगे नए भारत का निर्माण-लोकसभा अध्यक्ष

ब्यूरो चीफ शिवकुमार शर्मा
कोटा राजस्थान

युवा करेंगे नए भारत का निर्माण-लोकसभा अध्यक्ष

-मोशन में समारोह पूर्वक मनाया आजादी का अमृत महोत्सव

कोटा.

लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने कहा कि इन 75 वर्षों में देश ने प्रगति के कई सोपान तय किए, लेकिन अब भी एक बड़ी यात्रा बाकी है। आज जब देश आजादी का अमृत महोत्सव मना रहा है तो पूरे देश को उन शहीदों के बलिदान से प्रेरणा लेनी होगी जिन्होंने देश की आजादी के लिए सर्वस्व न्यौछावर कर दिया।

आजादी के अमृत महोत्सव के तहत शनिवार शाम मोशन के द्रोणा परिसर में लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने विद्यार्थियों को संबंधित करते हुए कहा कि हमें ऐसा भारत बनाना है जो दुनिया में सर्वश्रेष्ठ हो। इसके लिए आपकी ऊर्जा और सामर्थ्य की दरकार रहेगी। आप खूब पढ़ें, अपना करियर बनाएं और देश के लिए अपना योगदान करें।

लोकसभा अध्यक्ष ने कहा कि, युवा उम्र में जब अनेक आशाएं और अभिलाषाएं होती हैं तब शहीदों के मन में अंग्रेजों से मुकाबला कर देश को आजाद कराने का जज्बा था। हम जितना उनके बारे में जानते हैं, हमारे मन में उनके प्रति श्रद्धा उतनी ही बढ़ती है। आज इस अमृत काल में युवा के मन में भी देश को देने की भावना होनी चाहिए। उनमें वंचित-अभावग्रस्त वर्ग के लोगों के जीवन को बदलने की ललक होनी चाहिए। हम खुशकिस्मत हैं जो आजाद भारत में पैदा हुए. इससे समाज में सामाजिक-आर्थिक परिर्वतन लाने की जिम्मेदारी और बढ़ जाती है। गरीब व्यक्ति के जीवन में प्रकाश लाने का दायित्व बढ़ जाता है।

लोक सभा अध्यक्ष ने कहा कि यह तिरंगा हमें नई ऊर्जा प्रदान करता है। हमारा प्रयास होना चाहिए कि आजादी के 75 वर्ष पूरे होने के अवसर पर हर घर-हर भवन पर तिरंगा लहराए। यह राष्ट्रीय ध्वज हर व्यक्ति तक पहुंचाएं और उसे ससम्मान लहराने के लिए प्रेरित करें।

इससे पहले मोशन एजुकेशन के फाउंडर और सीईओ नितिन विजय ने कहा कि 15 अगस्त 2022 को भारत की आजादी के 75 साल पूरे हो रहे हैं। इसके तहत पूरे देश में हर घर तिरंगा अभियान चलाया जा रहा है। इसी के तहत मोशन की ओर से विशेष आयोजन किया जा रहा है। मोशन एजुकेशन के चेयरमैन सुरेंद्र विजय, डायरेक्टर सुशीला विजय, स्वाति विजय और सीनियर टीम मेंबर ने बिरला का स्वागत किया।